भमरा पंचायत में 15 हजार के नाश्ते पर बवाल,सरपंच-सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप
रेवा : सिरमौर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भमरा इन दिनों भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में है। ग्रामीणों ने पंचायत के सरपंच एवं सचिव पर विकास कार्यों में अनियमितता और पंचायत निधि के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों की जगह केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है। आरोप है कि पंचायत निधि से करीब 15 हजार रुपये नाश्ते पर खर्च किए गए, जबकि गांव में कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में अब तक कोई बड़ा और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य पूरा नहीं हो सका है। कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं, जबकि विकास के नाम पर लगातार राशि निकाली जा रही है। लोगों का आरोप है कि पंचायत में विकास से अधिक भ्रष्टाचार नजर आ रहा है।
डस्टबिन और ई-रिक्शा पर भी गंभीर सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से डस्टबिन खरीदे जाने के नाम पर राशि निकाली गई, लेकिन पंचायत क्षेत्र में कहीं भी डस्टबिन दिखाई नहीं दे रहे हैं। वहीं गांव से कचरा संग्रहण के लिए ई-रिक्शा खरीदे जाने का भी दावा किया गया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि आज तक पंचायत में कोई ई-रिक्शा नजर नहीं आया।
इन आरोपों के बाद पंचायत में हुए खर्चों और विकास कार्यों की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। 15 हजार रुपये के नाश्ते का मामला भी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीण पूछ रहे हैं कि आखिर पंचायत की राशि का इस प्रकार उपयोग किस आधार पर और किसकी अनुमति से किया गया।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने रीवा कलेक्टर से पंचायत में हुए सभी विकास कार्यों और वित्तीय खर्चों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो दोषी सरपंच और सचिव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.