मध्य प्रदेश में तबादलों पर बड़ा आरोप,कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने उजागर किया कथित ‘रेट कार्ड’

रीवा - जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने प्रदेश की तबादला प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों के नाम पर बड़े पैमाने पर लेनदेन हो रहा है तथा इस बार विभिन्न विभागों में पोस्टिंग के लिए तय की गई कथित रकम पहले की तुलना में अधिक है। विधायक अभय मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई विभागों में पदस्थापना के लिए कथित तौर पर “रेट कार्ड” तय हैं। उनके अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) में कार्यपालन यंत्री (EE) की पोस्टिंग के लिए लगभग 40 लाख रुपये, जबकि नगरीय निकायों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) के पद पर पदस्थापना के लिए 70 लाख रुपये तक की राशि लिए जाने की चर्चाएं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवहन,पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा जल संसाधन विभाग समेत अन्य विभागों में भी तबादलों को लेकर गंभीर अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। अभय मिश्रा ने दावा किया कि यह पूरा तंत्र एक सुनियोजित नेटवर्क के रूप में काम कर रहा है, जिसमें कथित तौर पर कुछ मंत्रियों के स्टाफ और रिश्तेदारों की भूमिका भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कई अधिकारी शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं, जिससे पारदर्शिता और प्रशासनिक निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मांग की है कि तबादला प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाएं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। हालांकि,इन आरोपों पर सरकार या संबंधित विभागों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।

रिपोर्टर - अर्जुन

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.