सेमरिया विधानसभा में ट्रांसफार्मर व्यवस्था को लेकर केपी त्रिपाठी की सक्रियता चर्चा का विषय
रेवा - सेमरिया विधानसभा में विपक्ष में रहते हुए भी जिस तेजी और निरंतरता के साथ केपी त्रिपाठी द्वारा बिजली व्यवस्था,विशेषकर ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं,वह लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया हो या गांव-गांव की चौपाल,अक्सर यह सुनने को मिलता है कि कहीं जला हुआ ट्रांसफार्मर बदलवाया गया है तो कहीं नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया गया है।
यदि यह जनचर्चा वास्तविकता पर आधारित है,तो निश्चित रूप से यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जानी चाहिए। ट्रांसफार्मर केवल बिजली आपूर्ति का माध्यम नहीं होता, बल्कि ग्रामीण जीवन की आधारभूत आवश्यकताओं से भी जुड़ा होता है। इससे गांवों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होती है,किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिलती है,जल संकट कम होता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
केपी त्रिपाठी को लेकर समय-समय पर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं और आलोचनाएं भी सामने आती रही हैं। कुछ लोग उन्हें क्रोधी स्वभाव का बताते हैं, लेकिन यदि कोई जनप्रतिनिधि लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है, तो उसके कार्यों को भी उसी गंभीरता से देखा जाना चाहिए। किसी व्यक्ति का मूल्यांकन उसके व्यवहार से अधिक उसके जनहितकारी कार्यों के आधार पर होना चाहिए।
राजनीति में प्रतिद्वंद्विता स्वाभाविक है। कुछ लोगों का मानना है कि अभय मिश्रा जैसे अनुभवी और प्रभावशाली राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी का मुकाबला करने के लिए केपी त्रिपाठी को भी राजनीतिक रणनीतियों का सहारा लेना पड़ता है। लोकतांत्रिक राजनीति में यह असामान्य नहीं माना जाता।फिलहाल इतना अवश्य कहा जा सकता है कि सेमरिया विधानसभा में बिजली व्यवस्था और ट्रांसफार्मर संबंधी कार्यों को लेकर केपी त्रिपाठी की सक्रियता आमजन के बीच उनकी एक अलग पहचान बना रही है। यही कारण है कि क्षेत्र के अनेक लोग उन्हें मजाकिया अंदाज में नहीं, बल्कि उनके कार्यों के संदर्भ में "ट्रांसफार्मर मैन" कहकर संबोधित करने लगे हैं। यदि यह गति और जनसेवा का भाव आगे भी बना रहता है, तो यह उनके राजनीतिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकती है।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.