विप्र सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल
रेवा : उपमुख्यमंत्री ने एचआर हेड को लगाई फटकार,कहा – “प्लांट चलाइए, लेकिन किसी कर्मचारी को नौकरी से मत निकालिए” विप्र सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री से उनके निवास पर मुलाकात कर जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (जेपी सीमेंट) की जिम्स यूनिट में कार्यरत सिक्योरिटी कर्मियों, श्रमिकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि जिम्स यूनिट से जुड़े कर्मचारियों का लगभग छह माह का वेतन लंबित है,जिसके कारण उनके परिवार गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसके साथ ही कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा एवं रोजगार की निरंतरता को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री ने तत्काल संबंधित एचआर हेड से दूरभाष पर चर्चा की और कर्मचारियों के हितों की अनदेखी पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा, “प्लांट चलाइए, लेकिन किसी भी कर्मचारी को नौकरी से मत निकालिए। ऐसा कोई वातावरण निर्मित नहीं होना चाहिए जिससे श्रमिकों में असुरक्षा की भावना पैदा हो।”
विप्र सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिम्स यूनिट में कार्यरत अनेक कर्मचारी पिछले 30 से 35 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन प्रबंधन परिवर्तन के बाद उनके रोजगार और भविष्य को लेकर अनिश्चितता का माहौल बन गया है।
उन्होंने बताया कि जेआरसी, जेएएल (ई एंड सी) तथा पीआरडब्ल्यू से जुड़े लगभग 1000 कर्मचारियों का छह माह का वेतन बकाया है। साथ ही कर्मचारियों के वेतन से भविष्य निधि (पीएफ) एवं प्रोफेशनल टैक्स की कटौती किए जाने के बावजूद संबंधित खातों में राशि जमा नहीं कराई गई है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
विप्र सेवा संघ ने उपमुख्यमंत्री से मांग की कि कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराया जाए तथा पीएफ एवं अन्य वैधानिक देयों का तत्काल निराकरण किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव शुक्ला,पंचराज सिंह,पुरुषोत्तम यादव,देवेंद्र शुक्ला,अफजल खान, रामकरण पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं श्रमिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.