बी.बी.ए. प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की लंबित परीक्षाओं को लेकर छात्रों ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
रीवा : अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध बी.बी.ए. प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने अपनी लंबित परीक्षाओं के आयोजन एवं शैक्षणिक हितों की सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने मांग की कि लंबित परीक्षाओं के संबंध में जल्द निर्णय लिया जाए, ताकि उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।
छात्रों ने ज्ञापन में बताया कि उन्होंने निर्धारित समय पर प्रवेश लेकर नियमित रूप से अध्ययन किया है, लेकिन अब तक प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित नहीं हो सकी हैं। दूसरी ओर आगामी सेमेस्टर की शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने की स्थिति बन रही है, जिससे विद्यार्थियों के समक्ष असमंजस और शैक्षणिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षा में लगातार हो रही देरी के कारण उनका पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। साथ ही उच्च शिक्षा में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, रोजगार एवं प्लेसमेंट जैसी महत्वपूर्ण संभावनाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। परीक्षा तिथि को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और उनका बहुमूल्य समय भी व्यर्थ हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की लंबित परीक्षाएं जल्द से जल्द आयोजित कराई जाएं। यदि किसी प्रशासनिक अथवा अन्य कारणवश परीक्षा आयोजित कराना संभव न हो, तो विश्वविद्यालय नियमों के अनुरूप विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए। छात्रों ने सुझाव दिया कि आवश्यक होने पर ग्रेस अंक प्रदान कर परिणाम घोषित करने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार करते हुए शीघ्र ही न्यायोचित एवं छात्रहित में निर्णय लेगा।
छात्रों की प्रमुख मांगें ::-
बी.बी.ए. प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की लंबित परीक्षाएं शीघ्र आयोजित की जाएं।
परीक्षा आयोजित न होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए।
विद्यार्थियों के शैक्षणिक सत्र को प्रभावित होने से बचाया जाए।
उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार संबंधी अवसरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
लंबित परीक्षा प्रकरण पर विश्वविद्यालय द्वारा जल्द स्पष्ट निर्णय घोषित किया जाए।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.