रीवा पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान: बाल भारती स्कूल में विद्यार्थियों को दिए डिजिटल सुरक्षा के गुर
रेवा : मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "सेफ क्लिक 2.0 - सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन" साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत रीवा पुलिस लगातार विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में बाल भारती स्कूल, रीवा में साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक गुरकरण सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋतु उपाध्याय तथा थाना प्रभारी अमहिया शिवा अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों और उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, पहचान की चोरी (आईडेंटिटी थेफ्ट), साइबर बुलिंग, डेटा ब्रीच, फेक जॉब ऑफर, क्रिप्टोकरेंसी फ्रॉड और हैकिंग जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा उपाय है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें,ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारी और सावधानी से उपयोग करें। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होता है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। रीवा पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें, ताकि सुरक्षित और सशक्त डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.