ई-टोकन पर खाद लेने पहुंचे किसानों ने सरकारी दर से अधिक कीमत वसूलने का लगाया आरोप
रीवा : रीवा में खाद विक्रेता पर डीएपी और यूरिया महंगे दाम पर बेचने का आरोप, किसानों ने जांच व कार्रवाई की मांग की। दरअसल पूरा मामला रीवा जिले के हुजूर तहसील क्षेत्र अंतर्गत टीकर से है जहां पर स्थित श्री गणेश ट्रेडर्स पर किसानों ने सरकारी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन ई-टोकन के माध्यम से खाद आवंटित होने के बाद जब वे गोदाम पहुंचे तो उनसे निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग की गई।
किसानों के अनुसार, डीएपी (DAP) की सरकारी कीमत ₹1,350 प्रति बोरी तथा यूरिया (UREA) की ₹266.50 प्रति बोरी निर्धारित है। आरोप है कि विक्रेता द्वारा डीएपी ₹1,500 प्रति बोरी और यूरिया ₹350 प्रति बोरी के हिसाब से देने की बात कही गई। किसानों का दावा है कि जब उन्होंने शासन द्वारा तय दर पर खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया तो उन्हें खाद देने से इनकार कर दिया गया।
पीड़ित किसानों का कहना है कि वे 30 से 40 किलोमीटर दूर-दराज के गांवों से ई-टोकन मिलने के बाद खाद लेने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि उनकी मजबूरी का लाभ उठाकर अधिक कीमत वसूली जा रही है। किसानों ने यह भी दावा किया कि इस संबंध में पहले भी सोशल मीडिया पर शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने,यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा सभी किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.