अटल पार्क में अमहिया पुलिस ने लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक,ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय

रीवा : मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे "सेफ क्लिक 2.0 सुरक्षित क्लिक,सुरक्षित जीवन" साइबर सुरक्षा जनजागरूकता अभियान के तहत रविवार को रीवा के अटल पार्क में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में थाना अमहिया प्रभारी शिवा अग्रवाल एवं थाना स्टाफ ने पार्क में मौजूद बच्चों,युवाओं और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने,ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतने तथा साइबर ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि वर्तमान समय में ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर बुलिंग,फेक जॉब ऑफर,डेटा चोरी,हैकिंग और निवेश के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है।
पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी,पासवर्ड,बैंक खाते या एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सतर्कता के साथ करें। साथ ही बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए और cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अमहिया थाना पुलिस ने सरल और व्यावहारिक तरीके से समाधान किया। अंत में पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.