चारधाम यात्रा के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा जाल, हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान
रेवा : चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को साइबर ठग निशाना बना रहे हैं। केदारनाथ और बद्रीनाथ के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइटों के जरिए लोगों से ठगी की जा रही है। इस बढ़ते साइबर खतरे को देखते हुए रीवा जोन पुलिस ने विशेष साइबर एडवाइजरी जारी कर आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, ठग ऐसी वेबसाइटें तैयार कर रहे हैं जो देखने में बिल्कुल आधिकारिक पोर्टल जैसी लगती हैं। श्रद्धालु इन्हें असली समझकर ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर देते हैं, जिसके बाद न तो टिकट मिलता है और न ही जमा की गई राशि वापस मिलती है।
इन फर्जी वेबसाइटों से रहें सावधान
पुलिस ने विशेष रूप से निम्न वेबसाइटों को फर्जी बताते हुए इनसे दूर रहने की सलाह दी है—
irctchelicopter.com
irctcheliyatra.com
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन वेबसाइटों का आधिकारिक हेलीकॉप्टर बुकिंग सेवाओं से कोई संबंध नहीं है।
ऐसे बिछाया जाता है ठगी का जाल
साइबर अपराधी अपनी फर्जी वेबसाइटों को गूगल पर सबसे ऊपर दिखाने के लिए Sponsored या Ad के रूप में विज्ञापन चलाते हैं। जब श्रद्धालु हेलीकॉप्टर बुकिंग सर्च करते हैं तो ये लिंक सबसे पहले दिखाई देते हैं। लोग इन्हें असली वेबसाइट समझकर भुगतान कर देते हैं और साइबर ठगी का शिकार बन जाते हैं।
पुलिस की महत्वपूर्ण सलाह
रीवा जोन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि—
हेलीकॉप्टर या पर्यटन संबंधी बुकिंग केवल .gov.in डोमेन वाली अधिकृत सरकारी वेबसाइट से ही करें।
भुगतान करने से पहले वेबसाइट का पूरा वेब एड्रेस ध्यान से जांच लें।
गूगल पर सबसे ऊपर दिखाई देने वाले Sponsored या Ad लिंक पर बिना सत्यापन के क्लिक न करें।
किसी भी वेबसाइट की विश्वसनीयता की पुष्टि किए बिना ऑनलाइन भुगतान न करें।
साइबर सुरक्षा के लिए संयुक्त संदेश
रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत, रीवा एवं मऊगंज के पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी सची पाठक, गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव, सिरमौर थाना प्रभारी दीपक तिवारी, अमहिया थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, सगरा थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा तथा रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा—
"आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प है। खतरे की घंटी को पहचानें और केवल अधिकृत पोर्टल से ही बुकिंग करें। साइबर अपराध से सावधान रहें, सुरक्षित रहें।"
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि आपके साथ या आपके परिचित के साथ इस प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाने में तत्काल सूचना दें।
रीवा जोन पुलिस का संदेश: "आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।"
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.