बिजली के खंभे में तार फंसाने को लेकर विवाद,महिला समेत बेटे से मारपीट का आरोप
रीवा - जिले के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत सिगई टोला जीवला गांव में बिजली के खंभे में तार फंसाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर समान थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार,सिगई टोला जीवला निवासी 34 वर्षीय धीरज कुमार मिश्रा के घर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बिजली कर्मचारी लाइन सुधारने का कार्य कर रहे थे। आरोप है कि कर्मचारियों के कहने पर धीरज मिश्रा अस्थायी रूप से बिजली के खंभे में तार फंसा रहे थे। इसी दौरान गांव की प्रतिभा मिश्रा और उनके पुत्र अंकित मिश्रा वहां पहुंचे और इसका विरोध करने लगे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ने धीरज मिश्रा के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अंकित मिश्रा ने पास में पड़ा डंडा उठाकर धीरज पर हमला किया, जिससे उन्हें कंधे, कलाई और पसली में चोटें आईं। फरियादी का आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर उनकी मां सरोज देवी मिश्रा बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, अंकित मिश्रा ने डंडे से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और सिर से खून बहने लगा। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में भैयालाल कोल,गणेश कोल और शिवनाथ कोल को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है।
समान थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.