हिनौता-शाहपुर फीडर की बदहाल बिजली व्यवस्था से त्रस्त ग्रामीण
रीवा - सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के हिनौता-शाहपुर विद्युत फीडर से जुड़े गांवों में बिजली व्यवस्था इन दिनों गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रिपिंग और बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी कुछ मिनट तो कभी घंटों तक बिजली गुल रहने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। 'एक्सक्लूसिव रिपोर्ट' के दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने बताया कि दिन और रात में कई बार बिजली ट्रिप होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है,किसान सिंचाई कार्य नहीं कर पा रहे हैं और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। उमस भरे मौसम में बार-बार बिजली जाने से बुजुर्गों,महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि जब भी विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया जाता है, तो अधिकांश मामलों में मेंटेनेंस या तकनीकी खराबी का हवाला दिया जाता है। लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से मेंटेनेंस किया जा रहा है,तो फिर हिनौता-शाहपुर फीडर में ट्रिपिंग की समस्या लगातार क्यों बनी हुई है? यह सवाल अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विद्युत व्यवस्था के रखरखाव के लिए शासन हर वर्ष पर्याप्त बजट उपलब्ध कराता है। इसके बावजूद यदि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है, तो संबंधित व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने फीडर की तकनीकी जांच कराने, दोषी कारणों की पहचान करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। हल्की बारिश या तेज हवा के दौरान भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.