धान रोपाई पर संकट! नहरें सूखी, किसान परेशान—जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी ने प्रशासन को चेताया

रेवा : खरीफ सीजन में धान रोपाई का समय तेजी से निकलता जा रहा है, लेकिन गंगेव क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नहरों का पानी न मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को लेकर जनपद पंचायत गंगेव के अध्यक्ष विकास तिवारी ने कलेक्टर रीवा को पत्र सौंपते हुए नहरों में तत्काल पानी छोड़े जाने की मांग की है।
विकास तिवारी ने कहा कि प्रशासन की उदासीनता का खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है। खेत तैयार हैं, किसान रोपाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन नहरों में पानी नहीं होने से हजारों एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते पानी नहीं छोड़ा गया तो धान की रोपाई प्रभावित होगी और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि आखिर जब खरीफ सीजन शुरू हो चुका है तो अब तक नहरों में पानी क्यों नहीं छोड़ा गया? किसानों की सबसे बड़ी जरूरत सिंचाई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय पर व्यवस्था करने में विफल दिखाई दे रहा है।
जनपद अध्यक्ष ने मांग की है कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तत्काल नहरों में पानी छोड़ा जाए, ताकि धान रोपाई का कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो किसानों में व्यापक असंतोष पैदा होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस संबंध में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा एवं विधायक नरेंद्र प्रजापति को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजकर हस्तक्षेप की मांग की गई है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.