बकिया बराज से बीड़ा तक WBM सड़क निर्माण पर उठे गंभीर सवाल, नहर की मिट्टी के इस्तेमाल का आरोप

रीवा : मध्यप्रदेश के रीवा जिले में बकिया बराज से बीड़ा तक लगभग 12 किलोमीटर लंबाई में चल रहे WBM सड़क निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।निर्माण कार्य की गुणवत्ता,निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन और पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाएं तेज हो रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में ठेकेदार द्वारा नहर की मिट्टी खोदकर उसे मलवे के रूप में उपयोग किया जा रहा है। उनका सवाल है कि क्या नहर से निकाली जा रही यह मिट्टी WBM सड़क निर्माण में उपयोग किए जाने वाले निर्धारित तकनीकी मानकों पर खरी उतरती है? यदि नहीं, तो आखिर किस आधार पर इस सामग्री का उपयोग किया जा रहा है?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराए और सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करे कि कार्य स्वीकृत डिज़ाइन, गुणवत्ता मानकों और विभागीय प्रावधानों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं।
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले सार्वजनिक निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि निर्माण कार्य में वास्तव में मानकों की अनदेखी हो रही है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.