जनसंघर्षों की बुलंद आवाज थे का. सुशील तिवारी, पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब
रेवा : वरिष्ठ वामपंथी नेता, जनआंदोलनों के प्रखर हस्ताक्षर और गरीबों, किसानों,मजदूरों की आवाज रहे का. सुशील तिवारी की पुण्यतिथि पर ग्राम पंचायत रूपौली में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि का. सुशील तिवारी ने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और गरीब तबके के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित कर दिया। अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ वे हमेशा मुखर रहे तथा जनहित के हर मुद्दे को पूरी निर्भीकता से उठाया। सामाजिक न्याय, समानता और क्षेत्र के विकास के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
भाकपा नेता का. गया प्रसाद मिश्रा ने कहा कि का. सुशील तिवारी जनता के सच्चे हमदर्द थे। उन्होंने जीवनभर आम लोगों की समस्याओं को अपनी आवाज बनाया और अंतिम सांस तक जनहित के लिए संघर्ष करते रहे। ऐसे समर्पित जननेता समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं।
भाकपा नेता भैयालाल त्रिपाठी ने कहा कि का. सुशील तिवारी सिद्धांतों की राजनीति करने वाले नेता थे। राजनीतिक मतभेदों को उन्होंने कभी व्यक्तिगत संबंधों पर हावी नहीं होने दिया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने वे हमेशा बेबाकी से जनता की बात रखते थे और यही उनकी सबसे बड़ी पहचान थी।
सेमरिया अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक विरासत के केवल अपने संघर्ष, ईमानदारी और जनसेवा के बल पर का. सुशील तिवारी ने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। यदि वे आज हमारे बीच होते तो क्षेत्र के विकास की दिशा और तस्वीर दोनों अलग होतीं। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए संघर्ष, सामाजिक न्याय और जनसेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक बना रहा और लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जननेता को याद करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य का. लालमणि त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गुलबसिया कोरी, विधायक प्रतिनिधि संतोष सोहगौरा, रामराज तिवारी, का. गया प्रसाद मिश्रा, का. भैयालाल त्रिपाठी, सुनील सोहगौरा, सेमरिया अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.