झूठी शिकायत और मानहानि का आरोप,युवा कांग्रेस नेता प्रकाश तिवारी ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की
रेवा - मनगवां विधानसभा युवा कांग्रेस के निर्वाचित अध्यक्ष,आरटीआई कार्यकर्ता एवं समाजसेवी प्रकाश तिवारी ने अपने विरुद्ध दर्ज कराई गई शिकायत को पूरी तरह निराधार,दुर्भावनापूर्ण और उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि को धूमिल करने का प्रयास बताते हुए संबंधित महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी को विस्तृत आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रकाश तिवारी का कहना है कि उन्होंने हाल ही में जनहित में अवैध शराब की एक खेप पकड़वाकर पुलिस के सुपुर्द कराया था। उनके अनुसार,मौके पर शराब ले जा रहे व्यक्ति ने कैमरे के सामने स्वयं "गीता मांझी" का नाम लिया था। इसके बाद उन्होंने केवल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उनका दावा है कि वीडियो में किसी व्यक्ति का पता,पद या अन्य व्यक्तिगत जानकारी का उल्लेख नहीं किया गया था और न ही किसी विशेष व्यक्ति को निशाना बनाया गया था।
उन्होंने आवेदन में कहा कि बाद में कुछ स्वतंत्र समाचार माध्यमों से अपने स्तर पर इस घटना का प्रकाशन किया गया,जिसका उनसे कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं था। उनका कहना है कि उन्होंने किसी महिला के विरुद्ध भ्रामक या मानहानिकारक सामग्री प्रसारित नहीं की।
प्रकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि ग्राम राजापुर निवासी श्रीमती गीता मांझी द्वारा 23 जुलाई 2026 को थाने में दिए गए आवेदन में उन्हें "ब्लैकमेलर" और "आरोपी" जैसे शब्दों से संबोधित किया गया, जिससे उनकी सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक छवि को गंभीर क्षति पहुंची है। उनका आरोप है कि यह शिकायत उन्हें बदनाम करने, सामाजिक कार्यों में बाधा पहुंचाने और जनहित के मुद्दे उठाने से रोकने की नीयत से की गई है। उन्होंने अपने आवेदन में कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि,आरटीआई कार्यकर्ता और समाजसेवी के रूप में उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का सुनियोजित प्रयास किया गया है,जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। प्रकाश तिवारी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर शिकायत की मंशा का परीक्षण किया जाए। यदि जांच में शिकायत झूठी, दुर्भावनापूर्ण अथवा मानहानिकारक पाई जाती है, तो संबंधित महिला के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने और पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.