शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो युवक पर चाकू से किया हमला, फरार बदमाश पुलिस के शिकंजे में
रीवा : सेमरिया पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद, आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया सेमरिया थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को सेमरिया पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे का धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया था। मामले में थाना सेमरिया में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
लगातार फरार चल रहे आरोपी समीर खान (20 वर्ष), पिता मोबीन खान, निवासी वार्ड क्रमांक 15, कस्बा सेमरिया को 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब ₹500 कीमत का लोहे का चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सेमरिया में पहले से भी एक अन्य आपराधिक मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री,आरक्षक विवेक सिंह एवं आरक्षक संजय माँझी की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.