जनता त्रस्त, नगर निगम मस्त",8 वार्डों की बदहाली पर आम जन अधिकार पार्टी का हल्ला बोल,आयुक्त को सौंपा चेतावनी भरा ज्ञापन

रीवा : नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर आम जन अधिकार पार्टी ने मंगलवार को तीखा विरोध दर्ज कराते हुए नगर निगम आयुक्त को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया कि शहर के कई वार्डों में पेयजल, सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं, लेकिन निगम प्रशासन लगातार आंखें मूंदे बैठा है।

पार्टी नेताओं ने कहा कि वार्ड क्रमांक 1, 11, 15, 16, 31, 43 और 44 की समस्याओं को लेकर पहले भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन आज तक किसी भी मांग पर गंभीरता से अमल नहीं किया गया। प्रशासन की इसी उदासीनता के विरोध में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर आयुक्त को दोबारा ज्ञापन सौंपा गया और तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि वार्ड क्रमांक 44 स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना में रहने वाले परिवारों को मीठे पानी के बजाय अत्यधिक कठोर बोरिंग का पानी पीना पड़ रहा है, जिससे लोगों में पथरी सहित अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि मात्र 50 मीटर की दूरी पर पेयजल की मुख्य पाइपलाइन होने के बावजूद उसे आवास परिसर से नहीं जोड़ा गया। वहीं पूरे परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है और नियमित सफाई तक नहीं कराई जा रही।
वार्ड 43 के चिरौहला मंदिर मार्ग की नालियां कचरे से पट चुकी हैं। बारिश होते ही गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है, जिससे हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वार्ड 41 का सामुदायिक भवन जर्जर होकर दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। वर्षों से नालियों की सफाई नहीं होने से क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। पार्टी ने नया सामुदायिक भवन और तत्काल नाली सफाई की मांग की है।
वार्ड 16 में पुलिया निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत नहीं होने से कई परिवारों की जलापूर्ति बंद पड़ी है। वहीं वार्ड 15 के गुलाब गार्डन रोड और गली नंबर-3 में जाम नालियों के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया है।
वार्ड 1 के निपानिया मुख्य मार्ग पर अधूरी नालियां आज भी लोगों की परेशानी बनी हुई हैं। आज़ाद नगर में नगर निगम भवन निर्माण की अनुमति और हाउस टैक्स तो वसूल रहा है, लेकिन आज तक सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

वार्ड 31 में लंबे समय से हैंडपंप की मांग पूरी नहीं हुई है, जबकि वार्ड 11 का शासकीय पार्क बदहाल होकर कचरा घर में तब्दील हो चुका है। पार्टी ने पार्क का सौंदर्यीकरण कर उसका नाम "शहीद रामानंद सिंह जी स्मृति पार्क" रखने की मांग भी की है।

आम जन अधिकार पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इन जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो नगर निगम के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। पार्टी का कहना है कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है। यदि प्रशासन की कार्यशैली नहीं बदली तो जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.