जनेह पुलिस को मिला अल्टीमेटम जैसा संदेश!जन चौपाल में नशाखोरी अपराध पर फूटा गुस्सा,10 दिन में अतिरिक्त बल तैनात करने का एसपी का आश्वासन

रेवा : अपराध और नशाखोरी पर लगाम कसने के लिए रीवा पुलिस अब थानों की चारदीवारी से बाहर निकलकर सीधे गांवों तक पहुंच रही है। “आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान के तहत जनेह थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सूती में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी चिंताएं खुलकर सामने रखीं। ग्रामीणों ने नशे के बढ़ते कारोबार और अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ थाना क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग उठाई। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए रीवा पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह स्वयं सूती पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था का फीडबैक लिया और सामने आई समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

नशाखोरी और अपराध पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

जन चौपाल में सबसे बड़ा मुद्दा नशाखोरी और बढ़ते अपराध का रहा। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी परेशानी रखते हुए कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने की जरूरत है। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए एसपी डॉ. गुरकरण सिंह ने अगले 10 दिनों के भीतर जनेह थाने में अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
एसपी के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जगी है।

नशे के सौदागरों से लेकर साइबर ठगों तक पर चर्चा

जन चौपाल महज शिकायतों तक सीमित नहीं रही। पुलिस ने ग्रामीणों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर फ्रॉड और महिला सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर भी जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे के अवैध कारोबार अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और साइबर ठगी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें।

एसपी की गांव में मौजूदगी ने दिया सीधा संदेश

एसपी डॉ. गुरकरण सिंह की गांव में मौजूदगी को पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। चौपाल में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और उम्मीद जताई कि अतिरिक्त बल की तैनाती के बाद जनेह क्षेत्र में गश्त और पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी।
कार्यक्रम में त्योथर एसडीओपी मनस्वी शर्मा, जनेह थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय सहित पुलिस बल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.