सेमरिया में नशे के सौदागर पर पुलिस का शिकंजा, 545 नशीली टैबलेट-कैप्सूल और कफ सिरप जब्त

रेवा - ग्राहक की तलाश में घूम रहा था आरोपी, पुलिस को देखकर भागने लगा तो घेराबंदी कर दबोचा,पूर्व से दर्ज हैं तीन अपराध। दरअसल पूरा मामला रीवा जिले के सेमरिया क्षेत्र थाना क्षेत्र से है जहां प्रतिबंधित नशीली दवाओं की कथित बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम खारा निवासी गौरव सिंह उर्फ मोनू को अटरिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 320 नग PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट/कैप्सूल, 225 नग ALPRAZOLAM TABLETS और 11 शीशी नशीली कफ सिरप बरामद किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन नशीली दवाओं को बिक्री के लिए लेकर घूम रहा था। पुलिस के मुताबिक थाना सेमरिया में पदस्थ उप निरीक्षक ललन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खारा का गौरव सिंह उर्फ मोनू अटरिया मोड़ के पास बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट-कैप्सूल और कफ सिरप लेकर किसी ग्राहक के इंतजार में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही भागने लगा, घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस का कहना है कि टीम को देखते ही आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा,लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गौरव सिंह उर्फ मोनू,पिता स्व. सुरेंद्र सिंह,उम्र 25 वर्ष,निवासी ग्राम खारा,थाना सेमरिया, जिला रीवा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में मिले नीले रंग के झोले से प्रतिबंधित नशीली दवाएं और कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस द्वारा दवाओं को रखने एवं बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी के पास कोई दस्तावेज नहीं मिला।

545 टैबलेट-कैप्सूल और 11 शीशी सिरप जब्त

पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से कुल 320 नग PYEEVON SPAS PLUS टैबलेट/कैप्सूल और 225 नग ALPRAZOLAM TABLETS, जिनकी कुल कीमत 3,513 रुपये, तथा 11 शीशी नशीली ONREX कफ सिरप, जिसकी कीमत 4,400 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पहले से भी दर्ज हैं तीन अपराध

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौरव सिंह उर्फ मोनू के खिलाफ थाना सेमरिया में पूर्व से तीन अपराध पंजीबद्ध हैं। ऐसे में नशीली दवाओं की कथित बिक्री के मामले में उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल, उप निरीक्षक ललन सिंह नेताम, उप निरीक्षक लंकेश वर्मा, सहायक उप निरीक्षक गिरजा प्रसाद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक हफीजुर्रहमान, प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, आरक्षक शिवम सिंह, आरक्षक जोगेन्द्र गौतम एवं आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर - अर्जुन 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.