गोविंदगढ़ CMO पर गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप भय-दबाव में कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने का दावा,पावती फाड़ने का भी आरोप

रीवा : सामग्री प्रदाय अनुबंध को लेकर विवाद गहराया,CMO मोहित शुक्ला समेत कर्मचारियों के खिलाफ FIR की मांग,थाने में शिकायत देकर जांच की मांग।

दरअसल पूरा मामला रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र से है जहां नगर परिषद गोविंदगढ़ में सामग्री प्रदाय अनुबंध को लेकर विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) मोहित शुक्ला सहित संबंधित कर्मचारियों और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए थाना गोविंदगढ़ में FIR दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। शिकायतकर्ता ने कार्यालय में भय और दबाव का माहौल बनाने, जबरन वीडियोग्राफी कराने, कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाने और मूल पावती फाड़े जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता के आवेदन के मुताबिक नगर परिषद के कार्यालयीन पत्र क्रमांक 454 दिनांक 27 जुलाई 2026 तथा क्रमांक 471 एवं 480 दिनांक 28 जुलाई 2026 के पालन में वह 30 जुलाई को करीब 3 बजे नगर परिषद कार्यालय पहुंचा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि CMO उस समय कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उसने आवक शाखा में अपना पत्र जमा कर पावती प्राप्त की और कार्यालय से बाहर निकलने लगा। आरोप है कि इसी दौरान आवक शाखा के कर्मचारी श्रीराम और कार्तिकेय गौतम उसके पीछे आए और उससे पावती ले ली।

CMO कक्ष में बुलाकर बनाया दबाव?

शिकायतकर्ता के अनुसार वह CMO के आने का इंतजार करता रहा। करीब 4 बजे मोहित शुक्ला कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद शिकायतकर्ता को CMO कक्ष में बुलाया गया, जहां लेखापाल ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव, कार्तिकेय गौतम सहित अन्य कर्मचारी और कुछ बाहरी व्यक्ति मौजूद थे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि CMO कक्ष में उसके खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया जिससे वह भयभीत हो गया। इसी दौरान मोबाइल से उसकी जबरन वीडियोग्राफी कराए जाने का भी दावा किया गया है।

कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराने का सनसनीखेज आरोप

शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि दबावपूर्ण परिस्थितियों में CMO द्वारा कथित रूप से कोरे कागज पर मौका पंचनामा तैयार कराया गया और उससे हस्ताक्षर करा लिए गए। शिकायतकर्ता का दावा है कि कागज पर लिखावट और उसके हस्ताक्षर के बीच कई लाइनों का अंतर है।
आवेदन में वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद पति माधव साकेत पर भी भय का वातावरण बनाने और दबाव डालने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरा घटनाक्रम सामग्री प्रदाय अनुबंध की प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया।

पावती मांगने पर कथित तौर पर टालमटोल

शिकायतकर्ता के अनुसार करीब 15 मिनट बाद बाहरी लोगों के चले जाने पर उसने CMO से अपनी पावती और कथित तौर पर तैयार कराए गए दस्तावेज की प्रति मांगी। आरोप है कि उसे प्रति देने से इनकार किया गया और पावती के लिए CMO की इच्छा के अनुसार पत्र तैयार करने की बात कही गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मामले को कथित तौर पर 'ले-देकर' निपटाने की बात कही गई तथा 'कच्चे कार्यों में 50-50 का रहता है' जैसी बात कही गई। हालांकि इस कथित बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मूल पावती फाड़ने का भी आरोप,फिर बनवाई गई दूसरी पावती

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद CMO ने श्रीराम को बुलाया और उसकी मूल पावती फाड़ दी गई। इसके बाद पत्र में कथित रूप से बदलाव कर नई पावती दिए जाने का आरोप लगाया गया है।
यदि शिकायतकर्ता के आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला महज सामग्री प्रदाय अनुबंध के विवाद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नगर परिषद कार्यालय में दस्तावेजी प्रक्रिया, दबाव और कथित अनियमितताओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।

'भय के कारण अनुबंध नहीं कर सका'—शिकायतकर्ता

शिकायतकर्ता का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से वह भयभीत है और उसे अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका है। उसका दावा है कि कथित दबाव के चलते वह सामग्री प्रदाय का अनुबंध भी निष्पादित नहीं कर सका।

FIR और निष्पक्ष जांच की मांग

शिकायतकर्ता ने थाना गोविंदगढ़ में आवेदन देकर CMO मोहित शुक्ला सहित संबंधित कर्मचारियों एवं अन्य आरोपित व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अब पूरे मामले में पुलिस जांच अहम होगी। यदि कार्यालय में लगे CCTV कैमरे,मोबाइल वीडियोग्राफी,आवक-जावक रजिस्टर,मूल एवं नई पावती, संबंधित पत्रों और मौके पर मौजूद कर्मचारियों/व्यक्तियों के बयान की जांच की जाती है तो शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकती है।
फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। CMO मोहित शुक्ला एवं अन्य संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.