ढाबे की आड़ में शराब का खेल! सेमरिया पुलिस का बड़ा प्रहार, 82.99 लीटर अवैध शराब जब्त

रेवा - पूर्वा वॉटर फॉल के पास ढाबे की आड़ में कथित तौर पर चल रहे अवैध शराब के कारोबार पर सेमरिया पुलिस ने जोरदार कार्रवाई की है। स्वर्ण लोक ढाबा से 82.99 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद कर पुलिस ने ढाबा संचालक प्रिंस कुशवाहा पिता राहुल कुशवाहा,उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम बेलहा,थाना सेमरिया को गिरफ्तार किया है।जब्त शराब की अनुमानित कीमत 44,936 रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार थाना सेमरिया में पदस्थ ASI रामशिरोमणि सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पूर्वा वॉटर फॉल के पास स्थित स्वर्ण लोक ढाबा में बड़ी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा,लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान प्रिंस कुशवाहा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके आधिपत्य वाले ढाबे की तलाशी ली तो वहां से देशी-अंग्रेजी शराब और बीयर सहित कुल 82.99 लीटर शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।

ढाबा बना था शराब का ठिकाना या पीछे कोई बड़ा नेटवर्क?

इस कार्रवाई ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। आखिर ढाबे की आड़ में इतनी बड़ी मात्रा में शराब कब से रखकर बेची जा रही थी? क्या यह केवल एक व्यक्ति तक सीमित अवैध कारोबार था या इसके पीछे शराब सप्लाई करने वाला कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है? पुलिस की आगे की जांच में इन सवालों के जवाब सामने आ सकते हैं।

कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप

सेमरिया पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खासकर ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री को लेकर पुलिस की निगरानी आगे और सख्त होने की उम्मीद है। कार्रवाई में ASI रामशिरोमणि सिंह,प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री,प्रधान आरक्षक आशीष,आरक्षक विक्रम वर्मा,आरक्षक राहुल कुमार,आरक्षक शिवम सिंह एवं आरक्षक संजय मांझी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.