सेमरिया पुलिस ने गुजरात से बरामद की लापता बालिका,ऑपरेशन मुस्कान ने लौटाई मां की मुस्कान

रीवा : नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा और उन्हें सकुशल घर तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत सेमरिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घर से बिना बताए चली गई नाबालिग बालिका को पुलिस ने साइबर सेल रीवा की मदद से सूरत, गुजरात से सकुशल दस्तयाब कर लिया। कार्रवाई के बाद बालिका को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन एवं एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार प्रयास किए।

घर से अचानक गायब हुई थी नाबालिग

पुलिस के अनुसार फरियादी ने थाना सेमरिया पहुंचकर अपनी नाबालिग बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सेमरिया में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल रीवा की मदद से बालिका की लोकेशन सूरत, गुजरात में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बालिका को सूरत से सकुशल दस्तयाब कर लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी खुशियां

बालिका के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। सेमरिया पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल कर उन्हें सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल,एएसआई संतोष कुमार पाण्डेय, आरक्षक मकरध्वज द्विवेदी, आरक्षक विवेक सिंह, महिला आरक्षक मेघा पटेल सहित साइबर सेल रीवा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.