सेमरिया पुलिस का बड़ा शिकंजा,दो साल से फरार 7 हजार का इनामी दुष्कर्म का सहआरोपी गिरफ्तार

सेमरिया - पुलिस ने गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे 7 हजार रुपये के इनामी सहआरोपी को पुलिस ने आखिरकार दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार आरोपी पर कानून का शिकंजा कस गया है।

पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सेमरिया शिवा अग्रवाल और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी साहिल उर्फ अतुल चतुर्वेदी पिता स्व. राजेंद्र चतुर्वेदी,उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम मरैला, थाना सिरमौर, जिला रीवा को दस्तयाब किया।

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, एक नाबालिग लड़की के घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट थाना सेमरिया में दर्ज कराई गई थी। मामले में प्रारंभिक रूप से धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। अपहृता को दस्तयाब कर उसके कथन दर्ज किए गए, जिसके आधार पर आरोपी द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरदस्ती दुष्कर्म किए जाने की बात सामने आने पर प्रकरण में धारा 65(1), 87 बीएनएस एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं।

दो साल से पुलिस को दे रहा था चकमा

मामले में सहआरोपी साहिल उर्फ अतुल चतुर्वेदी घटना के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक रीवा द्वारा 7,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने बताई है। विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई में SI ललन सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक आशीष विश्वकर्मा, प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक विक्रम वर्मा, बीपेन्द्र कुशवाहा, चेतन सिंह, कैलाश सोलंकी एवं सत्य प्रकाश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

 

रिपोर्टर- अर्जुन 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.