25 साल से सड़क की आस,आज भी कीचड़ में जिंदगी!देवतालाब दर्शन को निकली महिलाओं का ऑटो फंसा
रेवा : मझिगवां पंचायत के भुण्डहा गांव में सड़क के नाम पर सिर्फ आश्वासन? बुजुर्गों से लेकर स्कूली बच्चों तक कीचड़ भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर, ग्रामीणों में आक्रोश। दरअसल पूरा देवतालाब विधानसभा क्षेत्र की मझिगवां ग्राम पंचायत के भुण्डहा गांव से है जहा सड़क सुविधा की बदहाली ने एक बार फिर जिम्मेदारों के विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर वे करीब 25 वर्षों से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आज तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।बारिश के दिनों में गांव की स्थिति और भी बदतर हो जाती है। पक्की सड़क के अभाव में मिट्टी का रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और इसी रास्ते से ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए आवाजाही करनी पड़ती है। बुजुर्गों के लिए जहां यह रास्ता किसी मुसीबत से कम नहीं है, वहीं स्कूली बच्चों को भी कीचड़ और फिसलन के बीच स्कूल आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कीचड़ में फंसा ऑटो, महिलाओं को करनी पड़ी जद्दोजहद
बीते सोमवार को सामने आए एक वीडियो ने गांव की बदहाल सड़क व्यवस्था की तस्वीर सामने ला दी। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं देवतालाब दर्शन के लिए जा रही थीं, तभी कीचड़ से भरे मिट्टी के रास्ते में उनका ऑटो फंस गया। इसके बाद महिलाओं को वाहन निकालने के लिए खुद कीचड़ भरे रास्ते में जद्दोजहद करनी पड़ी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में सड़क की बदहाली और ग्रामीणों की परेशानी साफ दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में एक बार फिर जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है।
ग्रामीणों का सवाल—25 साल में भी सड़क क्यों नहीं बनी?
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान सड़क और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही उनकी समस्याएं फिर हाशिए पर चली जाती हैं। 25 साल से सड़क की मांग किए जाने के बावजूद यदि गांव आज भी कीचड़ भरे रास्ते पर निर्भर है, तो आखिर विकास के दावों का लाभ गांव तक कब पहुंचेगा?
ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि भुण्डहा गांव की सड़क समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन बाधित न हो और बच्चों, बुजुर्गों तथा महिलाओं को परेशानी से राहत मिल सके।
वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
भुण्डहा गांव का वायरल वीडियो अब सोशल मीडिया पर व्यवस्था से जुड़े कई सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों का आक्रोश भी वीडियो में नजर आ रहा है। ऐसे में देखना होगा कि 25 साल से सड़क की राह देख रहे ग्रामीणों को अब भी सिर्फ आश्वासन मिलता है या फिर प्रशासन धरातल पर सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाता है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.