गुढ़ की मिट्टी से निकला सितारा सुपर स्पेशियलिटी में पदस्थ DM कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील त्रिपाठी ने मेहनत से रचा इतिहास

रीवा : साधारण परिवार से निकला प्रतिभाशाली बेटा आज हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में बना हजारों मरीजों की उम्मीद,रीवा में जटिल हृदय उपचार को मिली नई मजबूती। खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र से है जहां एक साधारण परिवार से संबंध रखने वाले जिसका न कोई राजनीतिक विरासत,न बड़ा पारिवारिक रसूख और न ही संसाधनों की भरमार इसके बावजूद गुढ़ की मिट्टी से निकले सुपर स्पेशियलिटी में पदस्थ DM कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील त्रिपाठी ने अपनी प्रतिभा, अथक मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर चिकित्सा जगत में एक अलग पहचान कायम की है। गुढ़ के सरस्वती विद्यालय से पढ़ाई का सफर शुरू करने वाले डॉ. त्रिपाठी आज हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर रीवा और विंध्य के लिए गौरव का नाम बन चुके हैं।

जहां साधन सीमित थे, वहां हौसले आसमान से बड़े थे
डॉ. सुनील त्रिपाठी की सफलता उन युवाओं के लिए करारा जवाब है, जो संसाधनों की कमी को अपनी असफलता का कारण मान लेते हैं। सामान्य पारिवारिक परिवेश से निकलकर उन्होंने बड़ा सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष किया।
गुढ़ के सरस्वती विद्यालय से शुरू हुई शिक्षा यात्रा आज उन्हें सुपर स्पेशियलिटी में DM कार्डियोलॉजिस्ट के प्रतिष्ठित मुकाम तक लेकर पहुंची है। उनका सफर बताता है कि मंजिल सुविधाओं की मोहताज नहीं होती, बल्कि मजबूत इरादों, अनुशासन और लगातार मेहनत से हासिल की जाती है।
रीवा में जटिल हृदय उपचार को मिली नई ताकत
एक समय था जब गंभीर और जटिल हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार और विशेषज्ञ प्रक्रियाओं के लिए रीवा संभाग से बाहर बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। ऐसे समय में सुपर स्पेशियलिटी में पदस्थ DM कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील त्रिपाठी जैसे विशेषज्ञों की मौजूदगी ने रीवा में हृदय रोग उपचार की संभावनाओं को मजबूत किया है।
डॉ. त्रिपाठी की विशेषज्ञता और अनुभव के कारण गंभीर हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को बड़े शहरों की ओर भागदौड़ से राहत मिलने की संभावना भी मजबूत हुई है।
1000 से अधिक सफल प्रक्रियाओं में योगदान
हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में डॉ. सुनील त्रिपाठी ने 1000 से अधिक सफल ऑपरेशन एवं जटिल हृदय संबंधी प्रक्रियाओं में योगदान दिया है। गंभीर हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए उनका अनुभव और विशेषज्ञता नई उम्मीद का आधार बनी है।
एक चिकित्सक के रूप में उनकी उपलब्धियां लगातार बढ़ रही हैं और उनका काम गुढ़ से निकलकर रीवा और मध्य प्रदेश तक अपनी पहचान बना रहा है।
‘शान-ए-विंध्य’ सम्मान से बढ़ा गुढ़ का गौरव
चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए हाल ही में आयोजित ‘शान-ए-विंध्य’ सम्मान समारोह में डॉ. सुनील त्रिपाठी को सम्मानित किया गया। मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल सहित अन्य विशिष्ट हस्तियों ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान उस संघर्ष और उपलब्धि की पहचान है, जिसमें गुढ़ के एक साधारण परिवार से निकले बेटे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर चिकित्सा क्षेत्र में असाधारण पहचान बनाई।
युवाओं के लिए मिसाल—सपने बड़े रखो,संघर्ष उससे भी बड़ा करो
डॉ. सुनील त्रिपाठी की कहानी केवल एक डॉक्टर की सफलता की कहानी नहीं है। यह विंध्य के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखते हैं।
गुढ़ की गलियों से निकलकर सुपर स्पेशियलिटी के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान तक पहुंचने वाला यह सफर साबित करता है कि प्रतिभा को अगर मेहनत और दृढ़ संकल्प का साथ मिल जाए तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।
आज गुढ़ अपने उस बेटे पर गर्व कर रहा है, जिसने परिस्थितियों के आगे घुटने टेकने के बजाय उन्हें चुनौती दी। सुपर स्पेशियलिटी में पदस्थ DM कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुनील त्रिपाठी अब केवल अपने परिवार की पहचान नहीं, बल्कि विंध्य की उस प्रतिभा का चेहरा हैं, जिसने अपनी मेहनत से चिकित्सा जगत में सफलता की नई इबारत लिखी है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.