मुख्यमंत्री से अशोक सिंह गहरवार की मुलाकात, पंचायतों में ‘अटल भवन’ को लेकर जताया आभार

रेवा : प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट, विंध्य के विकास और पंचायतों को मजबूत करने के मुद्दों पर हुई अहम चर्चा। विंध्य के विकास और पंचायत स्तर पर जनसुविधाओं को मजबूत करने के मुद्दे को लेकर श्री अशोक सिंह गहरवार ने राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। प्रभारी मंत्री रीवा श्री प्रहलाद सिंह पटेल के नेतृत्व में हुई इस आत्मीय भेंट के दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

मुलाकात महज शिष्टाचार तक सीमित नहीं रही, बल्कि पंचायतों के सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। श्री गहरवार ने पंचायतों में ‘अटल भवन’ यानी पंचायत भवनों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से गांवों में प्रशासनिक गतिविधियों को बेहतर आधार मिलेगा और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मजबूती आएगी।

‘अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’

श्री गहरवार ने मुख्यमंत्री को प्रदेश सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और आमजन के विकास को प्राथमिकता दे रही है। वहीं रीवा के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के मार्गदर्शन में विंध्य क्षेत्र में विकास और जनहित के कार्यों को नई दिशा और गति मिल रही है।

पंचायतों में अटल भवन से बढ़ेगी विकास की रफ्तार

श्री अशोक सिंह गहरवार ने कहा कि पंचायतों में ‘अटल भवन’ जैसी पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उन्हें मजबूत किए बिना गांवों में विकास की रफ्तार को तेज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर बेहतर प्रशासनिक ढांचा तैयार होने से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा। विंध्य के विकास से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखना और क्षेत्र की जरूरतों को शासन के शीर्ष स्तर तक पहुंचाना इस मुलाकात का महत्वपूर्ण पक्ष रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और श्री अशोक सिंह गहरवार के बीच हुई मुलाकात सौहार्दपूर्ण एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुई। क्षेत्रीय विकास, पंचायतों के सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर हुई यह भेंट विंध्य के हितों को शासन के शीर्ष नेतृत्व तक मजबूती से पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.