सेवाओं को सलाम,12 सेवानिवृत्त आयुष अधिकारियों-कर्मचारियों का किया गया गरिमामय सम्मान

रीवा : वर्षों तक आयुष एवं चिकित्सा विभाग की जिम्मेदारियां संभालकर विभाग को अपनी सेवाएं देने वाले 12 सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला आयुष कार्यालय रीवा में सम्मानपूर्वक विदाई दी गई,समारोह में सेवानिवृत्त कर्मियों को शाल,श्रीफल एवं सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

समारोह की मुख्य अतिथि जिला आयुष अधिकारी डॉ. शारदा मिश्रा रहीं, जबकि अध्यक्षता डॉ. शशिकांत द्विवेदी ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति सरकारी सेवा का अंत जरूर है, लेकिन वर्षों तक दी गई सेवाओं और योगदान की स्मृतियां हमेशा विभाग के साथ बनी रहती हैं। सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल में जिस जिम्मेदारी और समर्पण के साथ दायित्व निभाए, वह विभाग के लिए प्रेरणादायी है।
इन 12 सेवानिवृत्त कर्मियों का हुआ सम्मान
समारोह में पूर्व संभागीय आयुष अधिकारी डॉ.अरविंद तिवारी,पूर्व जिला आयुष अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ.नीरजा शुक्ला, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ.रोहिणी प्रसाद मिश्रा, होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ.मनोज कुमार पांण्डेय,वरिष्ठ लेखापाल मंगलेश्वर शुक्ला,कंपाउंडर मनोज कुमार त्रिपाठी,महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ता ललिता शुक्ला,कुसुमकली तिवारी,दवासाज शेषमणि पटेल,इंद्रपति द्विवेदी,शब्बीर खान तथा रामनरेश शर्मा को सम्मानित किया गया।
विदाई में छलकी भावनाएं
सम्मान समारोह के दौरान सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त साथियों के साथ अपने अनुभव साझा किए। वर्षों की सेवा, साथ बिताए कार्यकाल और विभाग के प्रति योगदान को याद करते हुए माहौल भावुक हो उठा। सहकर्मियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का मुख्य संयोजन मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ,जिला रीवा के जिला कोषाध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आयुष एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम में जिला आयुष कार्यालय सहित आयुष एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अंत में सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके आगामी जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की गई।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.