गुढ़ में भाजपा का बड़ा सियासी धमाका! रश्मि राजा सिंह समेत सैकड़ों ने थामा भगवा,अटल कुंज में उमड़ा जनसैलाब

रीवा : रश्मि राजा सिंह की एंट्री से गुढ़ की सियासत गरमाई,बोलीं ससुर की सेवा विरासत को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाऊंगी! मंच से कांग्रेस पर भाजपा का सीधा वार महिला आरक्षण से लेकर विकास तक विपक्ष को घेरा!
नागेन्द्र सिंह बोले गुढ़ की जनता का आशीर्वाद अप्रतिम,भाजपा के साथ विकास की रफ्तार जारी रहेगी!
खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से जहां गुढ़ की राजनीति में भाजपा ने अपनी ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया है।भाजपा कार्यालय अटल कुंज में आयोजित सदस्यता ग्रहण समारोह में रश्मि राजा सिंह, मयूरी सिंह और रेवा सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। बड़े नेताओं की मौजूदगी और भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं के बीच हुए इस कार्यक्रम ने गुढ़ के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
सांसद जनार्दन मिश्रा,भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह, मनगवां विधायक नरेन्द्र प्रजापति और जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल की मौजूदगी में नवागत सदस्यों को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के विस्तार और पार्टी की विचारधारा पर जनता के बढ़ते विश्वास के रूप में पेश किया।
रश्मि राजा सिंह की एंट्री बनी चर्चा का केंद्र
सदस्यता कार्यक्रम में रश्मि राजा सिंह की भाजपा में औपचारिक एंट्री विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर वह पार्टी से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि उनके ससुर ने क्षेत्र की सेवा में अपना जीवन लगाया और अब उस सेवा की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उनके ऊपर है।
उन्होंने गुढ़ की जनता को अपना परिवार बताते हुए कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का प्रयास करेंगी।
कांग्रेस पर सांसद का सीधा हमला
सांसद जनार्दन मिश्रा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्ष को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण दिया गया है।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस और विपक्ष के सहयोग के अभाव में लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण लागू नहीं हो सका। सांसद ने कहा कि इसका राजनीतिक खामियाजा विपक्ष को भुगतना पड़ेगा।
दो सीटों से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी तक—भाजपा जिलाध्यक्ष ने गिनाईं उपलब्धियां
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि 1980 में दो सीटों से शुरुआत करने वाली भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ने का दावा किया।
धारा 370 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनसंघ के समय से लिया गया संकल्प भाजपा सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है।
नागेन्द्र सिंह ने गुढ़ की जनता को किया नमन
विधायक नागेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को भावनात्मक बताते हुए कहा कि गुढ़ की जनता ने उन्हें हमेशा अपार स्नेह और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि गुढ़ के विकास के लिए उन्होंने हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया है और आगे भी करते रहेंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुढ़ और रीवा में हुए विकास कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी,जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सैकड़ों लोगों के भाजपा में शामिल होने से गुढ़ क्षेत्र में आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.