रीवा पुलिस ने नशे के कारोबार पर कसा शिकंजा, बोलेरो से 79 किलो गांजा बरामद

रीवा : रीवा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’ के तहत रीवा पुलिस ने नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। चोरहटा थाना पुलिस ने उमरी बाईपास के पास घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से 79.190 किलोग्राम गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 11 लाख 87 हजार 850 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए गांजा, बोलेरो और तीन मोबाइल फोन सहित करीब 20 लाख 17 हजार 850 रुपये का मसरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल,बोलेरो की तलाशी में खुला नशे का खेल
पुलिस के अनुसार 20 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोलेरो क्रमांक MP19CC1850 से अवैध गांजे का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन आईपीएस आलोक वर्मा के नेतृत्व में चोरहटा पुलिस टीम सक्रिय हुई और उमरी बाईपास चोरहटा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद होते ही पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
79 किलो गांजा और लाखों की बोलेरो जब्त
पुलिस ने बोलेरो से 79.190 किलो गांजा,करीब 8 लाख रुपये कीमत का वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त मसरूका की कुल अनुमानित कीमत 20,17,850 रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी ने जिले में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
तीन आरोपी गिरफ्तार NDPS एक्ट में केस
मामले में पुलिस ने राकेश उर्फ छोटानी कुमार साकेत निवासी मंहसांव थाना गुढ़,त्रिवेणी जैसवाल निवासी मंहसांव थाना गुढ़ और सतेन्द्र सिंह निवासी महसाब थाना चोरहटा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उपमहानिरीक्षक रीवा रेंज हेमन्त सिंह चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ.गुरकरन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी के निर्देशन में की गई। 
कारवाई के दौरान चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला सहित चोरहटा थाना पुलिस टीम की इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रिपोर्टर  : अर्जुन  तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.