यूजीसी नियमों के विरोध में सवर्ण एकता मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन नेताओं की निकाली प्रतीकात्मक अर्थी
रीवा - में सवर्ण एकता मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और विवेकानंद पार्क से रैली निकालकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए छोटी पुल तक पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘यूजीसी रोलबैक’ के नारे लगाते हुए संबंधित प्रावधानों को वापस लेने की मांग उठाई। विरोध को अलग अंदाज देते हुए प्रदर्शनकारियों ने उन सवर्ण नेताओं की प्रतीकात्मक अर्थी निकाली, जिनके बारे में मोर्चा का आरोप है कि उन्होंने सवर्ण समाज से जुड़े मुद्दों पर अपेक्षित आवाज नहीं उठाई। इसके बाद प्रतीकात्मक रूप से दाह संस्कार किया गया।
सुधीर पांडे व पंडित सतीश चौबे की अगुवाई में जुटे युवा
प्रदर्शन का नेतृत्व मोर्चा के नेतृत्वकर्ता सुधीर पांडे व पंडित सतीश चौबे ने किया। कार्यक्रम में जिलेभर से युवा तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान मृत आत्माओं की शांति के लिए श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि यूजीसी से जुड़े जिन प्रावधानों का वे विरोध कर रहे हैं, उन्हें वापस लिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को लोकतांत्रिक तरीके से आगे भी जारी रखा जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी और प्रतीकात्मक अर्थी के जरिए कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.