57 किलो चंदन के साथ अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश,4 आरोपी गिरफ्तार

रीवा : 5.70 लाख की चंदन लकड़ी बरामद,आरी-चाकू-कुल्हाड़ी भी जब्त,मंडला और दमोह तक जुड़े तार! अमहिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूछताछ में सामने आ सकती हैं चोरी की अन्य वारदातें रीवा जिले में कीमती चंदन के पेड़ों को निशाना बनाने वाले कथित अंतर्राज्यीय चोर गिरोह पर रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।अमहिया थाना पुलिस ने जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 57 किलो चंदन की लकड़ी बरामद की है,जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चंदन काटने में इस्तेमाल आरी,चाकू और कुल्हाड़ी सहित अन्य सामान भी जब्त किया है।मामला सिविल लाइन कॉलोनी का है। पुलिस के मुताबिक 17 सितंबर 2026 को कॉलोनी निवासी फरियादी ने अमहिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बंगले के सामने परिसर में लगे कीमती चंदन के पेड़ों को अज्ञात बदमाश काटकर ले गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने चंदन चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई चंदन की लकड़ी बरामद की। साथ ही पेड़ काटने के लिए इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने रीवा के अलावा अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

ये चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है,उनमें

1. जशरथ पारदी, पिता रतनलाल पारदी, उम्र 35 वर्ष, निवासी देवरी, जिला मंडला।
2. तलकर आदिवासी, पिता मुकेश आदिवासी, उम्र 35 वर्ष, निवासी देवरी, जिला मंडला।
3. मंगरू पावर, पिता पंसारी पावर, उम्र 22 वर्ष, निवासी सागौनी, जिला दमोह।
4. स्वागत आदिवासी, पिता पारस आदिवासी, उम्र 20 वर्ष, निवासी देवरी, जिला मंडला।

5.70 लाख की चंदन लकड़ी बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 57 किलो चंदन की लकड़ी बरामद की गई है।इसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल आरी, चाकू और कुल्हाड़ी सहित अन्य सामान भी पुलिस ने जब्त किया है।
अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क कितना बड़ा है और क्या इनके तार चंदन चोरी की अन्य घटनाओं से भी जुड़े हैं। पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और पूर्व की वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ.गुरकरन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना मरावी के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक आलोक वर्मा के मार्गदर्शन में अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चोरहटा पवन शुक्ला, साइबर सेल उप निरीक्षक गौरव मिश्रा,नौबस्ता चौकी प्रभारी उप निरीक्षक घनश्याम मिश्रा सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.