गांव-गांव पहुंची पूर्व सैनिक की मुहिम,युवाओं को नशे से निकाल भर्ती की राह दिखाने की पहल

रीवा : गांवों में बढ़ती नशे और गलत संगत की समस्या के बीच सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी ने युवाओं को सही दिशा देने के लिए गांव-गांव अभियान शुरू किया है। बहुरीबांध निवासी द्विवेदी युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने की सीख देने के साथ ही उन्हें सेना और पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल प्रशिक्षण भी दे रहे हैं। उनका कहना है कि युवाओं को सिर्फ नसीहत देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें रोजगार और बेहतर भविष्य का रास्ता भी दिखाना होगा।इसी अभियान के तहत गगहरा, बरा, मनकहरी, हरिहरपुर एवं इंटहा के मध्य फिजिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। आशीष साकेत, मुकेश पाल,ऋषभ तिवारी, विवेक तिवारी,सचिन विश्वकर्मा,निखिलेश पाठक, अनुराग तिवारी,धीरू पाल, नितेश कोरी और ओमप्रकाश तिवारी सहित अन्य युवाओं को शारीरिक दक्षता, अनुशासन और नियमित अभ्यास का महत्व बताया गया।

नशे के खिलाफ बुजुर्गों को भी बनाया अभियान का हिस्सा
अभियान की खास बात यह रही कि पूर्व सैनिक ने सिर्फ युवाओं को प्रशिक्षण देने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि गांव के बुजुर्गों और बुद्धिजीवी वर्ग से संवाद कर उन्हें भी युवाओं के भविष्य की जिम्मेदारी उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि परिवार के बड़े युवा पीढ़ी की गतिविधियों पर नजर रखें, उन्हें समय दें और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाएं तो उन्हें नशे और अपराध की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है।
संवाद के दौरान कुछ बुजुर्गों ने अपने परिवारों की पीड़ा भी साझा की। उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों के नशे और अपराध की चपेट में आने से पूरे परिवार को मानसिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं को भर्ती की तैयारी का रास्ता
ग्रामीणों ने कहा कि गांवों में युवाओं को नियमित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण नहीं मिलने के कारण कई युवा बेरोजगारी और भटकाव का सामना कर रहे हैं। ग्रामीणों ने अपने बेटे-बेटियों और भाई-बहनों के लिए भी फिजिकल प्रशिक्षण की आवश्यकता जताई।पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, कमी है तो सही मार्गदर्शन और अवसर की। इसी वजह से उन्होंने शहर में प्रशिक्षण देने के बजाय गांवों तक पहुंचने का निर्णय लिया है, ताकि युवाओं को समय रहते नशे और गलत संगत से बचाकर शिक्षा, रोजगार तथा सेना-पुलिस जैसी सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया जा सके।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए अभियान को और व्यापक बनाने में सहयोग का भरोसा दिया।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.