संजय गांधी अस्पताल में ब्राह्मण मरीज से मारपीट के आरोप पर भड़का ब्राह्मण समाज

रीवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां संजय गांधी अस्पताल में मरीज और उसके परिजनों के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक ब्राह्मण परिवार के साथ मारपीट करने, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और शिखा खींचने का प्रयास किए जाने के आरोप को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने कड़ा विरोध जताया है।

अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पं. पुष्पेन्द्र मिश्र के निर्देश पर समाज के पदाधिकारियों ने कलेक्टर रीवा को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल में ब्राह्मण होने के नाम पर मरीज के साथ अभद्रता और मारपीट की गई। समाज ने इस घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अस्पताल में इलाज होगा या मरीजों से दुर्व्यवहार?
ब्राह्मण समाज ने सवाल उठाया कि यदि अस्पताल जैसी जगह पर इलाज कराने पहुंचे मरीज और उनके परिजनों के साथ ही मारपीट और कथित जातिसूचक गाली-गलौज होने लगे तो आम आदमी न्याय के लिए आखिर कहां जाएगा? समाज का कहना है कि अस्पताल का रवैया इसी तरह जारी रहा तो मरीजों और उनके परिजनों के साथ कथित शोषण की शिकायतें बढ़ती रहेंगी।ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन लोगों पर मारपीट एवं अभद्रता के आरोप हैं, उनके विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर से लेकर पुलिस और अस्पताल प्रबंधन तक भेजा ज्ञापन
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने ज्ञापन की प्रतिलिपि स्वास्थ्य मंत्री,पुलिस अधीक्षक रीवा,थाना प्रभारी अमहिया, गांधी मेमोरियल स्मृति चिकित्सालय के अधीक्षक तथा श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता को भी भेजी है।समाज के प्रदेश सचिव सतीश चौबे, जिला अध्यक्ष आशीष तिवारी और जिला सचिव अनुराग मिश्रा ने मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब सवाल यह है कि अस्पताल प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और मरीज-परिजन के साथ कथित मारपीट व जातिसूचक गाली-गलौज के आरोपों की जांच कब तक पूरी होती है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.