भमरा पंचायत में गौशाला के आसपास कथित बॉक्साइट खनन पर बवाल,सरपंच की भूमिका पर गंभीर सवाल
रीवा : रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भमरा में गौशाला के आसपास कथित रूप से बॉक्साइट खनन कराए जाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि गौशाला परिसर के आसपास से खनिज निकालने का काम कराया गया और इस पूरे मामले में पंचायत के सरपंच नंदलाल साकेत की कथित भूमिका बताई जा रही है।मामले को लेकर गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों ने कथित तौर पर सरपंच पर ही खनन कराने का आरोप लगाया है। यदि कर्मचारियों के आरोप सही हैं तो बड़ा सवाल यह है कि सार्वजनिक उपयोग से जुड़े गौशाला क्षेत्र में खनन किसकी अनुमति से कराया गया और मौके पर खनिज उत्खनन की निगरानी करने वाले विभागों को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी?
अनुमति थी या फिर नियमों को ताक पर रखकर हुआ खनन?
शिकायतकर्ता रवि पाण्डेय, आप जिला उपाध्यक्ष रीवा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए प्रशासन से सवाल उठाए हैं। मांग की गई है कि मौके का भौतिक निरीक्षण कर यह पता लगाया जाए कि खनन के लिए कोई वैध अनुमति जारी हुई थी या नहीं।साथ ही खनिज की मात्रा, खनन क्षेत्र, परिवहन, रॉयल्टी, अनुमति पत्र और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच किए जाने की मांग उठी है।
गौशाला के आसपास खनन ने खड़े किए कई सवाल
गौशाला जैसे सार्वजनिक महत्व के स्थान के आसपास यदि वास्तव में खनिज उत्खनन हुआ है तो इसके उद्देश्य और अनुमति प्रक्रिया की जांच बेहद जरूरी हो जाती है। सवाल यह भी है कि खनन के दौरान पंचायत और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था या नहीं।
मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि खनन वैध था तो उसकी अनुमति और दस्तावेज सार्वजनिक क्यों नहीं हैं और यदि अवैध था तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?
अब प्रशासन की जांच पर टिकी निगाहें
शिकायत सामने आने के बाद अब निगाहें खनिज विभाग और प्रशासन पर टिकी हैं। जरूरत है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर कथित खनन की वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और रिकॉर्ड के आधार पर तय किया जाए कि उत्खनन वैध अनुमति के तहत हुआ या नियमों को दरकिनार कर।यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं सरपंच नंदलाल साकेत का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.