रीवा में बदहाल सड़कों के खिलाफ उतरे युवा,कॉलेज चौराहे पर धरना देकर प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
रेवा : युवा समाजसेवी अविराज के नेतृत्व में प्रदर्शन,बोले—एसी दफ्तरों से बाहर निकलकर मोटरसाइकिल से शहर की सड़कों पर चलें अधिकारी, तभी पता चलेगी हकीकत! शहर की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर लोगों की नाराजगी अब विरोध प्रदर्शन के रूप में सामने आने लगी है। नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों और आवागमन में हो रही परेशानियों के विरोध में युवा समाजसेवी अविराज के नेतृत्व में कॉलेज चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने 'जिला प्रशासन होश में आओ' और 'हम अपना अधिकार मांगते नहीं, किसी से भीख मांगते' जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है।
एसी दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर चलें अधिकारी : अविराज
मीडिया से चर्चा के दौरान युवा समाजसेवी अविराज ने कहा कि शहर की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर उनकी जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन से स्पष्ट मांग है कि अधिकारी अपने एसी दफ्तरों से बाहर निकलें और मोटरसाइकिल से शहर की सड़कों पर चलकर देखें। जब अधिकारी खुद सड़कों की वास्तविक स्थिति का सामना करेंगे, तभी उन्हें आम जनता की परेशानियों का सही अंदाजा लगेगा।
उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों की स्थिति में जल्द से जल्द सुधार किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके। सड़कें आम नागरिकों की बुनियादी जरूरत हैं और उनकी बदहाली को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
अब सुधार की बारी प्रशासन की
कॉलेज चौराहे पर हुए इस धरना प्रदर्शन के माध्यम से युवाओं ने प्रशासन का ध्यान शहर की सड़क समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नगर निगम और जिला प्रशासन सड़कों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराए तथा जर्जर मार्गों के सुधार के लिए ठोस कदम उठाए।
अब देखना होगा कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन शहर की बदहाल सड़कों को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाता है और आम नागरिकों को राहत कब तक मिल पाती है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.