रीवा में 1.50 लाख के अवैध पटाखे जब्त, वाहन चालक गिरफ्तार
रेवा - त्योहारों से पहले शहर में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अमहिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार करने के साथ पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा वाहन भी जब्त कर लिया है।पुलिस के मुताबिक,गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोला सोंधिया उर्फ आशू (26),निवासी शिवनगर विश्वविद्यालय,थाना सिविल लाइन,रीवा के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी पटाखों के परिवहन से संबंधित वैध लाइसेंस या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
बिना वैध दस्तावेजों के पटाखों का परिवहन, पुलिस ने पकड़ा मामला
त्योहारी सीजन में पटाखों की मांग बढ़ने के बीच अवैध भंडारण और परिवहन की आशंका को देखते हुए पुलिस अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत अमहिया पुलिस ने यह कार्रवाई की। जब्त पटाखों की मात्रा और कीमत ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि शहर में पटाखों के भंडारण और परिवहन की निगरानी कितनी प्रभावी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी और नगर पुलिस अधीक्षक आलोक वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमहिया निरीक्षक मनोज गौतम के साथ प्रधान आरक्षक केमला प्रजापति, रामदेव मिश्रा तथा आरक्षक शंकर दत्त, विकास तिवारी, श्याम पांडे, राकेश सिंह और आशीष पांडेय शामिल रहे। अब बड़ा सवाल यह है कि अवैध पटाखों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था? पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच महत्वपूर्ण होगी, ताकि त्योहारों के दौरान अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.