दहेज में 20 लाख रुपये की मांग का आरोप,पति पर पत्नी को जहरीला पदार्थ पिलाने और बेरहमी से पीटने का आरोप
रीवा : रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और महिला को जान से मारने की कथित कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम लौरी,थाना गढ़ निवासी रामकली गुप्ता ने अपनी बेटी अंकिता गुप्ता के पति और ससुराल पक्ष के चार अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जहरीला पदार्थ पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की मां की शिकायत के मुताबिक, महिला की हालत बिगड़ने के बाद मायके पक्ष ने उसे 30 अक्टूबर को संजय गांधी अस्पताल (एसजीएमएच), रीवा में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है।शिकायत में बताया गया है कि अंकिता का विवाह 22 फरवरी 2022 को मनगवां बायपास निवासी विवेक कुमार गुप्ता के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज लाने के ताने दिए जाने लगे और अतिरिक्त 20 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ आए दिन मारपीट और मानसिक प्रताड़ना किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि अंकिता के स्त्रीधन और जेवर पति एवं सास ने अपने कब्जे में रख लिए थे।
करवा चौथ की रात मारपीट और जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप
रामकली गुप्ता के आवेदन के अनुसार,29 अक्टूबर 2026 को करवा चौथ की रात करीब 11:30 बजे पति विवेक गुप्ता ने अंकिता के साथ गंभीर मारपीट की और उसे कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया। महिला ने किसी तरह फोन पर अपनी मां को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग उसके ससुराल पहुंचे, जहां अंकिता कमरे में बेसुध हालत में पड़ी मिली। शिकायत में ससुराल पक्ष पर महिला की गंभीर हालत के बावजूद उसे अस्पताल नहीं ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
इसके बाद मायके पक्ष के लोग अंकिता को लेकर 30 अक्टूबर को एसजीएमएच रीवा पहुंचे और उसे भर्ती कराया। शिकायतकर्ता का कहना है कि बेटी की हालत को देखते हुए मामले में तत्काल पुलिस कार्रवाई जरूरी है।
पांच लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
शिकायत में पति विवेक गुप्ता,ससुर रतनलाल गुप्ता, सास नीलेश गुप्ता,जेठ ध्रुव नायक राजा गुप्ता और जेठानी खुशबू गुप्ता को आरोपी बताते हुए उनके विरुद्ध दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने के कथित प्रयास के संबंध में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि एक विवाहित महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पिलाने जैसे गंभीर आरोपों की पुलिस कितनी गंभीरता से जांच करती है? क्या महिला के मेडिकल परीक्षण,उपचार संबंधी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होगी? फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.