7 साल बाद मिला 70 वर्षीय महिला को न्याय, दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाले आरोपी को उम्रकैद!

रेवा :  सिरमौर के अंधे हत्याकांड का हुआ फैसला,25 वर्षीय राजा बक्सरिया को आजीवन कारावास,तत्कालीन थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल की विवेचना और लोक अभियोजक की पैरवी से आरोपी को मिली सजा! सात साल पहले एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या के मामले में आखिरकार न्यायालय ने अपना फैसला सुना दिया। 70 वर्षीय महिला के साथ पहले जबरन दुष्कर्म किया गया और फिर गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले आरोपी राजा बक्सरिया को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। फैसले के साथ ही लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे मृतिका के परिजनों को राहत मिली है। मामला थाना सिरमौर क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 24 और 25 नवंबर 2019 की दरमियानी रात नरेंद्र नगर निवासी राजा बक्सरिया (25) महिला के घर में घुसा और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के सामने यह एक अंधे हत्याकांड की चुनौती थी, क्योंकि शुरुआत में आरोपी तक पहुंचने के लिए कई संदेहियों से पूछताछ करनी पड़ी।

संदेहियों से पूछताछ, साक्ष्यों ने खोला हत्या का राज

इस मामले में थाना सिरमौर में अपराध क्रमांक 221/19 के तहत धारा 302 में अपराध दर्ज कर तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवा अग्रवाल ने विवेचना शुरू की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पहलुओं पर जांच की और कई संदेहियों से पूछताछ की। विवेचना के दौरान राजा बक्सरिया की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए गए और न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। सात साल बाद आरोपी को मिली सजा मामले में लोक अभियोजक ने न्यायालय के समक्ष प्रभावी पैरवी की। प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष के तर्कों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी राजा बक्सरिया को विभिन्न धाराओं में दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। सात साल तक चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद आए इस फैसले ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जघन्य अपराध करने वाला आरोपी कानून की पकड़ से हमेशा बच नहीं सकता। एक 70 वर्षीय महिला के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के मामले में मिला यह फैसला मृतिका के परिजनों के लिए न्याय की बड़ी राहत है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.