जनजातीय समाज को सम्मान देकर भाजपा ने जो कहा,उसे करके दिखाया- विधायक शरद कोल

रीवा : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 11 से 18 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह, प्रदेश के सभी जिलों में निकलेंगी भव्य सांस्कृतिक रैलियां!

भाजपा ने जनजातीय समाज को राजनीतिक नेतृत्व देने के साथ उसे सम्मान और अधिकार दिलाने का काम किया है। सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों में जनजातीय समाज के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखाई देती है। यह बात विधायक शरद कोल ने गुरुवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव सप्ताह की जानकारी देते हुए विधायक शरद कोल ने बताया कि 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा संगठन, जनजातीय समाज और सरकार मिलकर जनजातीय नायकों के संघर्ष, बलिदान, गौरवशाली विरासत, लोककला और संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में जनजातीय समाज के स्वाभिमान, स्वतंत्रता और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए अपना बलिदान दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को उनकी जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई।
विधायक ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। भाजपा ने इस समाज को राजनीतिक नेतृत्व में भी उचित भागीदारी दी है। केंद्र सरकार में मध्यप्रदेश से जनजातीय समाज के दो मंत्री दुर्गादास उइके एवं सावित्री ठाकुर हैं। वहीं प्रदेश सरकार में निर्मला भूरिया, संपतिया उइके, विजय शाह, नागर सिंह चौहान और राधा सिंह मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने जनजातीय समाज को वह सम्मान नहीं दिया, जिसका वह हकदार था।
प्रदेश के सभी जिलों में निकलेंगी सांस्कृतिक रैलियां
शरद कोल ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी भव्य सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का नामकरण जनजातीय महापुरुषों एवं जननायकों के नाम पर करने की पहल भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 और 13 नवंबर को जिलों में बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान एवं दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा जनजाति गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा।
विधायक ने कहा कि रानी दुर्गावती, शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, भीमा नायक और रानी कमलापति जैसे जनजातीय नायकों के योगदान को सम्मान देना भाजपा की प्राथमिकता है। इन महापुरुषों की विरासत और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जनजातीय गौरव सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य है।
पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सीएल रावत, भाजपा मीडिया प्रदेश सदस्य योगेंद्र शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी रमाशंकर गुप्ता, सह मीडिया प्रभारी प्रकाश श्रीवास्तव एवं अमरेश पांडे उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.