किसानों के अपमान पर किसान कांग्रेस का आर-पार का ऐलान,13 से 15 नवंबर तक भाजपा सांसदों-विधायकों के घरों का होगा घेराव
रीवा : सांसद की कथित विवादित टिप्पणी पर भड़का आक्रोश, किसान कांग्रेस ने मांगा इस्तीफा; प्रदेशभर में तीन दिन तक चलेगा विरोध प्रदर्शन! किसानों के सम्मान को लेकर अब किसान कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। रीवा लोकसभा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने साफ कर दिया है कि किसानों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा को इस मामले में जवाबदेही तय करनी होगी।
शुक्रवार को रीवा के राजनिवास में आयोजित पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने सांसद की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा नेतृत्व से सांसद जनार्दन मिश्रा का इस्तीफा लेने की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस किसान के परिश्रम से देश का पेट भरता है, उसी किसान के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी आखिर कैसे स्वीकार की जा सकती है?
चौहान ने कहा कि किसान दिन-रात,साल के 12 महीने खेतों में पसीना बहाकर देश के लिए अन्न पैदा करता है। किसान केवल खेती करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि देश का अन्नदाता है। ऐसे में उसके प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना करोड़ों किसानों के सम्मान पर चोट है।
13 से 15 नवंबर तक भाजपा नेताओं के घरों के सामने प्रदर्शन
किसान कांग्रेस ने विरोध को केवल बयानबाजी तक सीमित न रखते हुए सड़क पर उतरने का ऐलान किया है। 13 से 15 नवंबर तक प्रदेशभर में भाजपा सांसदों और विधायकों के घरों के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि इस आंदोलन के जरिए भाजपा नेतृत्व पर दबाव बनाया जाएगा कि वह सांसद की कथित टिप्पणी पर अपना रुख स्पष्ट करे और जिम्मेदारी तय करे।
अब सवाल यह है कि किसानों के सम्मान से जुड़े इस मुद्दे पर भाजपा नेतृत्व क्या रुख अपनाता है? क्या संबंधित सांसद से इस्तीफा लिया जाएगा या किसान कांग्रेस का यह प्रदेशव्यापी आंदोलन सत्ता पक्ष के लिए नई राजनीतिक चुनौती बनेगा?
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.