रीवा रिवर फ्रंट की स्वच्छता पर उठे सवाल, गंदगी और खाली शराब की शीशियां मिलने का दावा
रीवा : स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के परिणाम घोषित होने के बाद बीहर रिवर फ्रंट को नंबर-1 स्थान मिलने पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इस उपलब्धि पर युवा नेता शुभम सिंह बघेल ने असमंजस जाहिर करते हुए सर्वेक्षण की पारदर्शिता और जमीनी हकीकत पर गंभीर आपत्ति जताई है।
शुभम सिंह बघेल का कहना है कि बीहर रिवर फ्रंट को स्वच्छता के मामले में नंबर-1 स्थान दिया गया है, लेकिन मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखी जाए तो तस्वीर दावों से बिल्कुल अलग नजर आती है। उनका दावा है कि रिवर फ्रंट से महज 50 मीटर के दायरे में ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है। परिसर में कोरेक्स और शराब की खाली शीशियां भी बड़ी संख्या में पड़ी होने की बात उन्होंने कही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब रिवर फ्रंट के आसपास ही स्वच्छता की ऐसी स्थिति है तो आखिर किस आधार पर इसे नंबर-1 का तमगा दिया गया? क्या सर्वेक्षण के दौरान वास्तविक परिस्थितियों का निरीक्षण किया गया था या फिर कागजी आंकड़ों और औपचारिकताओं के आधार पर ही बेहतर रैंकिंग दे दी गई?
शुभम सिंह बघेल ने सर्वेक्षण के परिणामों के पूर्व नियोजित होने की आशंका भी जताई। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसी तरह गंदगी के अंबार के बीच देश के शहरों को स्वच्छता में नंबर-1 घोषित किया जाता है? क्या स्वच्छता सर्वेक्षण का यही मानक है कि पुरस्कार तो मिल जाए, लेकिन मौके पर गंदगी और अव्यवस्थाएं बनी रहें?
उनका कहना है कि स्वच्छता का मूल्यांकन केवल कागजों, प्रचार और पुरस्कारों से नहीं, बल्कि आम नागरिकों को दिखाई देने वाली वास्तविक साफ-सफाई से होना चाहिए। यदि किसी स्थान को देश या प्रदेश में सर्वोच्च स्थान मिलता है तो वहां की व्यवस्था भी उस सम्मान के अनुरूप दिखाई देनी चाहिए।
अब प्रशासन से जवाब की दरकार
बीहर रिवर फ्रंट को मिले नंबर-1 स्थान के पीछे कौन-कौन से मूल्यांकन मानक अपनाए गए? निरीक्षण किस टीम ने किया, कितने अंक मिले और किन आधारों पर रैंकिंग तय हुई? प्रशासन को सर्वेक्षण की निरीक्षण रिपोर्ट, मूल्यांकन प्रक्रिया और प्राप्त अंकों को सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.