रूपौली खाद्य वितरण केंद्र में बड़ी चोरी,83 क्विंटल गेहूं-चावल पार,चार पहिया वाहन से चोरी की आशंका

रीवा : रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपौली स्थित खाद्य वितरण केंद्र में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 60 क्विंटल गेहूं और 23 क्विंटल चावल चोरी कर ले गए। चोरी गए खाद्यान्न की कुल मात्रा लगभग 83 क्विंटल बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में राशन चोरी होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने खाद्य वितरण केंद्र को निशाना बनाते हुए दुकान का ताला तोड़ा और वहां रखे सरकारी खाद्यान्न को पार कर दिया। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि घटना को अंजाम देने के लिए चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक,रात करीब 2 बजे के आसपास खाद्य वितरण केंद्र के पास एक वाहन आने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि,वाहन की मौजूदगी और चोरी में उसकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद खाद्य वितरण केंद्र के सेल्समैन ने सेमरिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राशन वितरण में देरी पर कोटेदार की भूमिका को लेकर सवाल

इस चोरी की घटना के बीच ग्रामीणों ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि चोरी हुआ राशन दो-तीन दिन पहले ही खाद्य वितरण केंद्र पहुंच चुका था, तो कोटेदार दामोदर प्रसाद तिवारी द्वारा हितग्राहियों को समय पर राशन वितरित क्यों नहीं किया गया? आखिर खाद्यान्न दुकान में कितने दिनों से रखा हुआ था और वितरण में देरी की वजह क्या थी?
ग्रामीणों का सवाल है कि जब राशन हितग्राहियों के लिए पहुंच चुका था, तो उसका समय पर वितरण सुनिश्चित क्यों नहीं किया गया? क्या खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरती गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था? इन सवालों की जांच भी जरूरी है।

अब जांच के दायरे में ये सवाल

* खाद्यान्न केंद्र में 83 क्विंटल राशन कब पहुंचा था?
* राशन वितरण की निर्धारित तारीख क्या थी और वितरण क्यों नहीं हुआ?
* क्या खाद्यान्न केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं?
* रात करीब 2 बजे वाहन आने की सूचना की जांच हुई है?
* खाद्यान्न के स्टॉक और वितरण रजिस्टर का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा या नहीं?
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही चोरी की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। वहीं ग्रामीणों ने मांग की है कि चोरी की घटना के साथ-साथ राशन वितरण में हुई देरी की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि सरकारी खाद्यान्न की सुरक्षा और हितग्राहियों के अधिकारों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.