मोहरवा में युवाओं को सेना-पुलिस भर्ती का निःशुल्क प्रशिक्षण, पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी की अनूठी पहल

रीवा - जिले में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें अनुशासित,आत्मनिर्भर एवं नशामुक्त बनाने की दिशा में पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी की पहल सराहनीय साबित हो रही है। उनके मार्गदर्शन में मोहरवा में सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवक-युवतियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से अब तक सैकड़ों युवा रोजगार प्राप्त कर देश के विभिन्न हिस्सों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दिवाकर द्विवेदी का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती कराना नहीं,बल्कि समाज में स्वस्थ,अनुशासित, आत्मनिर्भर,नशामुक्त एवं अपराधमुक्त वातावरण तैयार करना भी है। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता और अनुशासन के साथ युवाओं को राष्ट्रप्रेम, आपसी भाईचारे तथा नशे एवं अपराध से दूर रहने की सीख दी जाती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में युवाओं की शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए 1500 मीटर एवं 100 मीटर दौड़, गोला फेंक, शॉर्ट जंप, पुशअप, अपर जंप और साइड जंप सहित विभिन्न अभ्यास कराए गए। अभ्यास के अंत में स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज कराई गई। इसके साथ ही बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए संतुलित आहार एवं डाइट प्लान की जानकारी भी दी गई।

इस प्रशिक्षण में खुशबू साहू, राधा साहू,अनीता साहू,रश्मि साहू,आकाश साहू,संतोष साहू,प्रदीप साहू,पवन साहू, भारत साहू,शैलेन्द्र साहू, आशीष साहू,अजीत साहू और सौरभ साहू सहित अनेक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पूर्व सैनिक दिवाकर द्विवेदी ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि स्वस्थ,अनुशासित, आत्मनिर्भर, नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण ही उनका लक्ष्य है। कार्यक्रम का समापन मां भारती की जयघोष के साथ हुआ।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.