रोझौही परमाणु संयंत्र के विरोध में 18 नवंबर को रीवा आएंगे जीतू पटवारी,प्रकाश तिवारी ने की अधिकाधिक भागीदारी की अपील
रीवा : जिले के मनगवां विधानसभा क्षेत्र के रोझौही- सरई कला में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा संयंत्र के विरोध में जारी जनआंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। इसी क्रम में 18 नवंबर को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के प्रस्तावित दौरे को लेकर आंदोलनकारियों में उत्साह है। युवा कांग्रेस मनगवां विधानसभा अध्यक्ष प्रकाश तिवारी तिवनी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की है।
प्रकाश तिवारी ने कहा कि रजौही परमाणु संयंत्र के खिलाफ चल रहा संघर्ष किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति विशेष का आंदोलन नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा जनहित का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि परमाणु संयंत्र जैसी संवेदनशील परियोजना को लेकर स्थानीय जनता की आशंकाओं और सवालों का जवाब मिलना जरूरी है।
उन्होंने भूजल एवं जलस्रोतों पर संभावित प्रभाव, पर्यावरण,जैव विविधता, रेडियोधर्मी अपशिष्ट के दीर्घकालिक प्रबंधन और परमाणु दुर्घटना की स्थिति में जनस्वास्थ्य एवं सुरक्षा जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि चेरनोबिल और फुकुशिमा जैसी घटनाएं परमाणु परियोजनाओं से जुड़े सुरक्षा पहलुओं को लेकर सतर्क रहने की सीख देती हैं।
प्रकाश तिवारी ने कहा कि मनगवां और रीवा जिले को रोजगार तथा आर्थिक विकास की जरूरत है, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले और आम जनता के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से कोई समझौता न हो। क्षेत्र में ऐसे उद्योग स्थापित किए जाने चाहिए जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करें।
उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को जीतू पटवारी के आगमन पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से भागीदारी करेंगे। आंदोलन को ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। जल सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, प्रतीकात्मक अर्थी प्रदर्शन और अनशन जैसे माध्यमों से लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी सहित कई लोग लंबे समय से इस मुद्दे पर सक्रिय हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी पूर्व में क्षेत्र का दौरा कर चुके हैं।
अंत में प्रकाश तिवारी ने क्षेत्र के किसानों, युवाओं, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से 18 नवंबर को अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य विकास का विरोध करना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसमें जनस्वास्थ्य, पर्यावरण और स्थानीय जनता के भविष्य से कोई समझौता न हो।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.