मनगवां-तिवनी में सड़क और ब्रिज निर्माण की खुली पोल,जगह-जगह जानलेवा गड्ढे,आधी सड़क हवा में लटकी
रेवा : ठेकेदार रामसज्जन शुक्ला पर घटिया निर्माण का आरोप, एमपीआरडीसी अधिकारियों पर सीएम हेल्पलाइन में झूठा निराकरण दर्ज करने का आरोप,कमिश्नर से जांच और कार्रवाई की मांग!
खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां पर मनगवां-तिवनी क्षेत्र में एमपीआरडीसी (मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम) के अधीन निर्मित सड़कों और पुलों की बदहाल स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कहीं नवनिर्मित ब्रिज क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो रहा है तो कहीं बारिश में सड़क की मिट्टी कटकर बह जाने से आधी सड़क हवा में लटक गई है। हालात ऐसे हैं कि किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्राम तिवनी निवासी प्रकाश तिवारी ने 16 नवंबर को कमिश्नर रीवा संभाग को पत्र क्रमांक 802/2026 सौंपकर पूरे मामले की शिकायत की है। उन्होंने निर्माण कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने, जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
नवनिर्मित तिवनी मोड़ ब्रिज निर्माण के कुछ समय बाद ही क्षतिग्रस्त
शिकायत में मनगवां बायपास स्थित तिवनी मोड़ ब्रिज की बदहाली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। आरोप है कि निर्माण के कुछ समय बाद ही ब्रिज और उससे जुड़ी सर्विस सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। जल निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी क्षतिग्रस्त होकर अपना अस्तित्व खो चुकी हैं। शिकायतकर्ता ने ठेकेदार रामसज्जन शुक्ला पर निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री इस्तेमाल करने और मरम्मत कार्य की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
मनगवां-बैकुंठपुर मार्ग पर आधी सड़क हवा में लटकी
दूसरा गंभीर मामला मनगवां से तिवनी होते हुए बैकुंठपुर जाने वाले मार्ग का है, जो एमपीआरडीसी की एन्युटी योजना के अंतर्गत आता है। शिकायत के मुताबिक, इस मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो चुके हैं। विगत बरसात में दो से तीन स्थानों पर सड़क के नीचे की मिट्टी कटकर बह गई, जिससे सड़क के हिस्से असुरक्षित हो गए हैं। कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा नीचे से खाली होने के कारण हवा में लटका हुआ है। ऐसी स्थिति में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सड़क धंसने और गंभीर दुर्घटना होने की आशंका जताई गई है।
सीएम हेल्पलाइन में निराकरण के नाम पर खानापूर्ति का आरोप
शिकायतकर्ता ने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद मौके पर सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है। इसके उलट सीएम हेल्पलाइन पर बिना वास्तविक मरम्मत किए ही शिकायतों का निराकरण दर्ज कर दिया जाता है। यदि यह आरोप सही हैं तो यह न केवल सरकारी शिकायत निवारण व्यवस्था को गुमराह करने का मामला है, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है।
कमिश्नर से स्वतंत्र जांच और कार्रवाई की मांग
प्रकाश तिवारी ने कमिश्नर से दोनों निर्माण कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी समिति से भौतिक जांच कराने, निर्माण की गुणवत्ता और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने तथा कथित झूठे निराकरण दर्ज करने वाले एमपीआरडीसी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दुर्घटना की आशंका को देखते हुए दोनों स्थानों पर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की अपील की है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या फिर समय रहते सड़क और ब्रिज की तकनीकी जांच कराकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करेगा?
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.