रोझौही में 13वें दिन भी नहीं टूटा ग्रामीणों का हौसला,पूरी रात चिताओं पर लेटे रहे प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान!
रीवा : जिले के सिरमौर तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरई कला के ग्राम रोझोही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। विरोध का अनोखा और बेहद गंभीर रूप ले चुका चिता आंदोलन 13वें दिन भी जारी रहा। एकादशी के दिन ग्रामीणों ने पूरी रात चिताओं पर लेटकर बिताई और सरकार को साफ संदेश दिया कि उनकी जमीन, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से खिलवाड़ उन्हें मंजूर नहीं है।
आंदोलन स्थल पर दिन ही नहीं, बल्कि पूरी रात विरोध की आवाज गूंजती रही। ग्रामीण चिताओं पर लेटे रहे और लगातार 'न्यूक्लियर प्लांट नहीं चाहिए,मानव जीवन से खिलवाड़ बंद करो' जैसे नारों के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे। एकादशी की पूरी रात चिताओं पर बिताकर ग्रामीणों ने अपने विरोध को और अधिक मुखर कर दिया।
13 दिन से चिताओं पर संघर्ष,आखिर कब जागेगा प्रशासन?
ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित परमाणु संयंत्र केवल जमीन का मामला नहीं है, बल्कि जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण और मानव जीवन के भविष्य से जुड़ा गंभीर सवाल है। उन्हें आशंका है कि इस परियोजना से क्षेत्र की आबादी और आने वाली पीढ़ियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी आशंकाओं का समाधान नहीं होता और परियोजना को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन पीछे हटने वाला नहीं है।
प्रमोद शर्मा बोले- यह राजनीतिक लड़ाई नहीं, अस्तित्व बचाने का संघर्ष
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों का संघर्ष किसी राजनीतिक फायदे के लिए नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा के लिए है। 13 दिनों से ग्रामीण लगातार आंदोलन कर रहे हैं। एकादशी की पूरी रात चिताओं पर लेटकर उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन को ग्रामीणों की चिंताओं का गंभीरता से जवाब देना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि सरकार और प्रशासन आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की बात सुनें तथा प्रस्तावित परियोजना से जुड़े सभी पहलुओं पर पारदर्शी जानकारी दें।
चिताओं पर लेटे ग्रामीणों का सरकार को दो टूक संदेश रोझोही में जारी चिता आंदोलन अब सरकार और प्रशासन के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है। 13 दिन से जारी विरोध, रातभर चिताओं पर लेटे ग्रामीण और लगातार गूंजते नारे इस बात का संकेत हैं कि स्थानीय लोगों का आक्रोश गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का संदेश साफ है कि रोझोही की धरती पर न्यूक्लियर पावर प्लांट मंजूर नहीं। अब देखना यह है कि सरकार ग्रामीणों की आवाज सुनकर संवाद का रास्ता अपनाती है या चिताओं पर जारी यह आंदोलन और व्यापक रूप लेता है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.