रीवा में खाद्य निगम के जिला प्रबंधक पर गंभीर आरोप, बैकडेटेड पत्रों से लेकर मिलर्स को प्रताड़ित करने तक उठे सवाल
रीवा : विंध्य राइस मिल एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से की शिकायत, जिला प्रबंधक को हटाने की मांग; धान उठाव और मिलिंग व्यवस्था पर मंडराया संकट! धान उपार्जन और मिलिंग व्यवस्था के बीच रीवा में खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक पर मनमानी, कथित बैकडेटेड पत्र जारी करने और शिकायत करने वाले राइस मिलर्स को निशाना बनाकर परेशान करने के गंभीर आरोप लगे हैं। विंध्य राइस मिल एसोसिएशन ने अब सीधे मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचाकर पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष शशांक शेखर शुक्ला ने 27 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री, खाद्य मंत्री,विभागीय अपर मुख्य सचिव, निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक सहित संभागायुक्त और कलेक्टर को शिकायत भेजी है। शिकायत में जिला प्रबंधक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि उनके कथित मनमाने रवैये से न केवल मिलर्स परेशान हैं, बल्कि धान उठाव और सीएमआर मिलिंग की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
तीन दिन पुरानी तारीख में पत्र जारी करने का आरोप, आखिर किसे बचाने की कोशिश?
मामले में सबसे बड़ा सवाल जिला कार्यालय के पत्र क्रमांक 1162 को लेकर खड़ा हुआ है। एसोसिएशन का आरोप है कि पत्र वास्तव में 26 नवंबर को तैयार किया गया, लेकिन उस पर 23 नवंबर 2026 की तारीख अंकित कर दी गई। इतना ही नहीं, पत्र कार्यालय के आउटसोर्स डाटा ऑपरेटर यज्ञ नारायण मिश्रा को 26 नवंबर को प्राप्त कराया गया।
यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही हैं तो सवाल उठता है कि सरकारी कार्यालय में पत्रों की तारीख और जारी करने की प्रक्रिया में ऐसी कथित अनियमितता क्यों हुई? क्या यह महज लिपिकीय चूक थी या इसके पीछे कोई अन्य मंशा थी? एसोसिएशन ने पूरे मामले की दस्तावेजी जांच की मांग की है।
गोदाम आवंटन में भी मनमानी का आरोप
पत्र क्रमांक 1188 दिनांक 25 नवंबर 2026 के माध्यम से किए गए गोदाम आवंटन पर भी एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। आरोप है कि मिलर्स को ऐसे वेयरहाउस से धान उठाव के लिए आवंटित किया जा रहा है, जो भौगोलिक दूरी और परिवहन व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं हैं। इससे मिलर्स पर अतिरिक्त परिवहन खर्च का बोझ पड़ने की बात कही गई है।
आवाज उठाई तो डीओ और धान उठाव में अड़ंगा?
शिकायत में प्रतिशोधात्मक कार्रवाई का आरोप भी लगाया गया है। एसोसिएशन का दावा है कि जिला प्रबंधक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले मिलर्स के डीओ और धान प्रदाय प्रक्रिया में कथित तौर पर अनावश्यक अड़चनें पैदा की जा रही हैं। यदि ऐसा हो रहा है तो यह केवल मिलर्स के उत्पीड़न का मामला नहीं, बल्कि सरकारी धान उपार्जन और मिलिंग व्यवस्था की पारदर्शिता से भी जुड़ा गंभीर सवाल है।
मुख्यमंत्री से जिला प्रबंधक को हटाने की मांग
विंध्य राइस मिल एसोसिएशन ने शासन से पत्र क्रमांक 1162 और 1188 की निष्पक्ष जांच कराने, पत्रों की वास्तविक जारी तिथि और परिस्थितियों का सत्यापन कराने तथा वर्तमान जिला प्रबंधक को तत्काल हटाकर निष्पक्ष अधिकारी की पदस्थापना करने की मांग की है।
अब सवाल खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से है—क्या पत्र क्रमांक 1162 की वास्तविक तारीख की जांच होगी? क्या गोदाम आवंटन की प्रक्रिया का ऑडिट कराया जाएगा? और क्या शिकायत करने वाले मिलर्स के साथ कथित भेदभाव की निष्पक्ष जांच होगी?
धान उपार्जन का सीजन चल रहा है। ऐसे में यदि विभागीय अधिकारियों और मिलर्स के बीच टकराव बढ़ता है तो इसका असर पूरी व्यवस्था पर पड़ सकता है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता एसोसिएशन की ओर से लगाए गए हैं। जिला प्रबंधक और निगम प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.