Rise and Fall Season 2: लौट रहा है पावर और स्ट्रैटेजी का खेल, वीरेंद्र सहवाग संभालेंगे होस्ट की कमान

AKANSHA UPADHYAY

रियलिटी शो के शौकीन दर्शकों के लिए एक बार फिर पावर, रणनीति और गेम का रोमांच शुरू होने वाला है। पॉपुलर रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी करने के लिए तैयार है। पहले सीजन को दर्शकों से मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब मेकर्स ने दूसरे सीजन के कंटेस्टेंट्स की लिस्ट भी सामने ला दी है। खास बात यह है कि इस बार शो में टीवी, बॉलीवुड, सोशल मीडिया और राजनीति से जुड़े कई चर्चित चेहरे नजर आने वाले हैं।

वीरेंद्र सहवाग करेंगे शो को होस्ट

‘राइज एंड फॉल 2’ की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसका नया होस्ट है। इस सीजन की मेजबानी पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग करते नजर आएंगे। क्रिकेट के मैदान पर अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर सहवाग अब रियलिटी शो के कंटेस्टेंट्स के गेम और रणनीति पर अपनी खास शैली में नजर रखेंगे।रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘राइज एंड फॉल 2’ का प्रीमियर 26 सितंबर से होने जा रहा है। दर्शक इस शो को Amazon Prime Video और MX Player पर देख सकेंगे।

सामने आईं 15 कंटेस्टेंट्स की तस्वीरें

मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए शो के सभी 15 खिलाड़ियों के नाम और तस्वीरें रिवील कर दी हैं। इस बार शो में अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले सितारे और चर्चित चेहरे एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते दिखाई देंगे।‘राइज एंड फॉल 2’ में नजर आने वाले कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में करण पटेल, स्वरा भास्कर, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, सारा गुरपाल, तेज प्रताप यादव, निहारिका तिवारी, शहजाद पूनावाला, सिवेट तोमर, कायरा अनु, मनीष कश्यप, काजल राघवानी, राज ग्रोवर, इरिना रुदाकोवा और अनीष भगत के नाम शामिल हैं।मेकर्स ने कंटेस्टेंट्स की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “15 प्लेयर्स, 1 थ्रोन... कौन करेगा राइज, कौन फॉल?” इसके साथ ही शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

क्या है ‘राइज एंड फॉल’ का गेम?

‘राइज एंड फॉल’ का कॉन्सेप्ट दूसरे रियलिटी शोज से काफी अलग है। इस गेम में कंटेस्टेंट्स को मुख्य रूप से दो ग्रुप में बांटा जाता है—रूलर्स और वर्कर्स।रूलर्स को आलीशान जिंदगी और बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, जबकि वर्कर्स को बेसमेंट में रहकर कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ता है। यहां खिलाड़ियों के बीच पावर और स्टेटस लगातार बदलता रहता है।

टास्क और रणनीति से बदलता है पूरा गेम

इस शो में सिर्फ टास्क जीतना ही काफी नहीं है। खिलाड़ियों को वोटिंग, रणनीति और सही समय पर लिए गए फैसलों के जरिए गेम में अपनी स्थिति मजबूत करनी होती है।खास बात यह है कि कोई वर्कर अपने प्रदर्शन और रणनीति के दम पर रूलर बन सकता है। वहीं, मौजूदा रूलर को भी गेम के बदलते समीकरणों के चलते वर्कर की भूमिका में जाना पड़ सकता है। यही लगातार होने वाला उतार-चढ़ाव ‘राइज एंड फॉल’ को दिलचस्प बनाता है।

अर्जुन बिजलानी ने जीता था पहला सीजन

‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन की ट्रॉफी टीवी अभिनेता अर्जुन बिजलानी ने अपने नाम की थी। विजेता बनने के साथ उन्हें 28.10 लाख रुपये की प्राइज मनी भी मिली थी।अब दूसरे सीजन में 15 नए खिलाड़ियों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। अलग-अलग क्षेत्रों से आए इन कंटेस्टेंट्स के बीच पावर, रणनीति और रिश्तों का खेल किस तरह आगे बढ़ता है, यह शो शुरू होने के बाद ही साफ होगा।फिलहाल कंटेस्टेंट्स की पूरी लिस्ट सामने आने के बाद दर्शकों की नजरें 26 सितंबर के प्रीमियर पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि ‘राइज एंड फॉल 2’ में कौन अपनी रणनीति के दम पर ऊपर उठता है और कौन गेम में पिछड़ जाता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.