दीपावली, इगास-बग्वाल और छठ पूजा को लेकर त्रिवेणी घाट पर तैयारियां तेज
ऋषिकेश : दीपावली, इगास-बग्वाल एवं छठ पूजा के मद्देनजर ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। महापौर शंभू पासवान ने अधिकारियों के साथ घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाट पर जमा रेत हटाने, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान त्रिवेणी घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने अधिकारियों को विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्रिवेणी घाट ऋषिकेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। इसकी स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ल, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.