कचरा देखते ही भागा रोबोट! दुकान में काम करने से किया इनकार
अब तक आपने इंसानों को काम से बचने के लिए बहाने बनाते देखा होगा, लेकिन चीन में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां रोबोट भी अपनी ड्यूटी पूरी नहीं कर पाए। यहां एक कंपनी ने छह ह्यूमनॉइड रोबोट को 24 घंटे के लिए कन्वीनियंस स्टोर में काम पर लगाया था। शुरुआत में इन रोबोट ने कई जिम्मेदारियां संभालीं, लेकिन आखिर में दो रोबोट अपने प्रदर्शन के चलते बाहर हो गए। इस अनोखे प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह पूरा मामला चीन के शंघाई के शुहुई इलाके का है। रोबोट बनाने वाली कंपनी एजिबॉट ने अपने छह G-2 ह्यूमनॉइड रोबोट को एक असली दुकान में काम करने का मौका दिया। 'Robots Never Clock Out' नाम के इस प्रयोग को 2 नवंबर सुबह 10 बजे से 3 नवंबर सुबह 10 बजे तक लाइवस्ट्रीम किया गया। इस दौरान दुकान आम ग्राहकों के लिए भी खुली रही।
24 घंटे की ड्यूटी में रोबोट को अलग-अलग समय पर काम करना था। इनमें दोपहर की भीड़, शाम का व्यस्त समय, रात की शिफ्ट और सुबह नाश्ते के समय ग्राहकों की सेवा शामिल थी। इस दौरान छह रोबोट ने मिलकर कुल 1,730 काम पूरे किए। उन्होंने ग्राहकों का स्वागत किया, सामान पहुंचाया, कॉफी तैयार की, खाने के ऑर्डर पूरे किए और दुकानों की अलमारियों में सामान व्यवस्थित करने के साथ टेबल की सफाई भी की।
दो रोबोट नहीं कर पाए काम, नहीं मिली नौकरी
इस प्रयोग में छह में से चार रोबोट ही सफल माने गए, जबकि दो रोबोट तय जिम्मेदारियों पर खरे नहीं उतर सके। सबसे दिलचस्प मामला सफाई करने वाले रोबोट का रहा। रात की ड्यूटी के दौरान जब उसे कचरे से भरा डस्टबिन मिला, तो वह अपना निर्धारित रास्ता छोड़कर दुकान से बाहर निकल गया। हैरानी की बात यह रही कि इसके बाद वह अपनी तय जगह पर वापस नहीं लौटा।
वहीं, दूसरे रोबोट को शेल्फ पर रखे सामान की जांच और उन्हें दोबारा भरने की जिम्मेदारी दी गई थी। लेकिन वह इस काम में जरूरी तेजी और सक्रियता नहीं दिखा पाया। दुकान की जरूरत के मुताबिक सामान व्यवस्थित करने में उसकी रफ्तार काफी धीमी रही।
ग्राहकों ने भी रोबोट की ली परीक्षा
इस पूरे प्रयोग के दौरान ग्राहकों ने भी रोबोट की क्षमताओं को परखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। किसी ने उनसे सामान्य कोल्ड ड्रिंक और शुगर-फ्री ड्रिंक के बीच अंतर पूछा, तो किसी ने उनके रास्ते में रुकावट पैदा की। कुछ ग्राहकों ने सामान उठाते समय भी रोबोट के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां रखीं।
इस अनोखे प्रयोग ने दिखाया कि रोबोट कई सामान्य काम आसानी से कर सकते हैं, लेकिन अप्रत्याशित परिस्थितियों में उन्हें अभी भी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। फिलहाल, कचरे का डिब्बा देखकर दुकान से बाहर निकलने वाले रोबोट की कहानी लोगों के बीच खूब चर्चा बटोर रही है।

No Previous Comments found.